-
Advertisement
पंडोह डैम में जमा हुई लकड़ियों की सीआईडी जांच होगी, सीएम सुक्खू ने दिए आदेश
Himachal News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पंडोह डैम में जमा हुई लकड़ियों की सीआईडी जांच होगी। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। जाहिर है 24 जून को कुल्लू की गड़सा घाटी में बादल फटने के बाद आई बाढ़ में लकड़ियां बहकर पंडोह डैम तक पहुंची थीं। अब सीआईडी जांच यह पता लगाया जाएगा कि लकड़ियां कहां से आईं, वन विभाग की थीं या किसी और की।
वीडियो और तस्वीरें ऑनलाइन वायरल हुई
प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में लकड़ियां इकठ्ठा होने के संभावित कारणों को सामने लाया जाएगा। इस दिशा में सरकार ने अब इस मामले की सीआईडी जांच का फैसला लिया है ताकि सभी जिम्मेदार लोगों को न्याय के दायरे में लाया जा सके। उन्होंने बताया कि बादल फटने और बाढ़ की घटनाओं के दृष्टिगत प्रदेश सरकार की पहली प्रतिक्रिया अमूल्य जीवन बचाना और प्रभावितों को तत्काल बचाव और राहत उपलब्ध करवाना होता है। सरकार द्वारा आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य स्थिति वापस लाने के लिए प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं।उन्होंने बताया कि नदी में बह रही लकड़ियां और पंडोह बांध में तैरती हुई लकड़ियों का वीडियो और तस्वीरें ऑनलाइन वायरल हुई हैं। इस विषय में लोगों की चिंता को देखते हुए निरंतर जांच की मांग की जा रही थी। इसके दृष्टिगत सीआईडी जांच का निर्णय लिया गया है। आपदा पीड़ित लोगों की सहायता में पूरा सरकारी तंत्र दिन-रात कार्य कर रहा है।
बीजेपी नेता गैर जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं
प्रवक्ता ने कहा कि संवेदनशील स्थिति में भी बीजेपी ने असंवेदनशीलता का परिचय देते हुए इस मामले को उठाया। संकट के समय बीजेपी नेता गैर जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं, जो उनके दोहरे चेहरे को लोगों के सामने रख रहा है। पिछली भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान पेड़ों की अवैध कटाई के मुददे की कभी निष्पक्ष जांच नहीं करवाई और इस दौरान वनों के अवैध कटान के मामले में दोषियों की जवाबदेही को तय नहीं किया गया। उनके कार्यकाल के दौरान प्रदेश में वन माफिया फल-फूल रहा था।प्रवक्ता ने बताया कि वर्तमान प्रदेश सरकार हिमाचल को 31 मार्च, 2026 तक हरित ऊर्जा राज्य के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है और इस लक्ष्य को हासिल करने में बाधा डालने वाले लोगों को कानून के दायरे में लाकर सजा दी जाएगी।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की 9वीं बैठक
सोमवार को सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की 9वीं बैठक की अध्यक्षता करते यह जानकारी दी। बैठक में विभिन्न एजेंडों पर चर्चा हो रही है। बैठक में सीएम के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान, ओएसडी गोपाल शर्मा, मुख्य सचिव सहित अन्य उच्च अधिकारी मौजूद हैं।
वन विभाग की रिपोर्ट में किया था खारिज
जाहिर है इससे पहले पंडोह डैम में बहकर आई लकड़ी पर अवैध कटान होने के आरोपों को वन विभाग की रिपोर्ट में खारिज कर दिया था। वन विभाग ने सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंप कर स्पष्ट किया था कि कि यह लकड़ी अवैध कटान का प्रतीक नहीं है। कुल्लू की गड़सा घाटी में बादल फटने के बाद बड़े पैमाने पर लकड़ी बहकर पंडोह डैम में पहुंच गई थी . खुद कांग्रेस के विधायक ने आरोप लगाए थे तो वहीं विपक्ष ने भी इस पर हल्ला किया था। इसके बाद वन बल प्रमुख समीर रस्तोगी ने मामले की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सरकार को भेज दी थी। विभाग का दावा था कि यहां पर जो पुराने पेड़ थे वह भी बहकर नदी में आए । रिपोर्ट के बाद मामला शांत हो गया था पर अब सरकार ने इसमें सीआईडी जांच के आदेश दिए हैं।
संजू चौधरी

