-
Advertisement
जन्नत जैसा एहसास …. पर्यटकों के लिए बहाल हुआ रोहतांग दर्रा, मढ़ी में भी लौटी रौनक
Himachal News: समुद्रतल से 13050 फीट की ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बहाल हो गया है। आज लगभग दो दर्जन वाहन ही रोहतांग पहुंचे, लेकिन जल्द रोहतांग दर्रे में पर्यटकों की चहलकदमी बढ़ेगी। रोहतांग दर्रे के बहाल होने से पर्यटन स्थल मढ़ी में भी रौनक लौट आई है ।

हालांकि अभी फोर व्हील ड्राइव वाहनों के लिए ही दर्रा बहाल हुआ है, लेकिन जल्द ही रोहतांग से कोकसर तक सड़क बहाल होते ही सामान्य पर्यटक वाहन भी रोहतांग जा सकेंगे। प्रशासन ने हालांकि अभी फोर व्हील ड्राइव वाहनों को ही रोहतांग जाने की अनुमति दी है लेकिन कोकसर तक सड़क बहाल होने के बाद पर्यटक मनाली से रोहतांग के दीदार कर अटल टनल निहारते हुए सोलंग नाला होते हुए वापस मनाली लौट सकेंगे।

वैसे तो रोहतांग दर्रा 15 नवंबर के बाद आधिकारिक तौर पर यातायात के लिए बंद हो जाता है, लेकिन बार एक महीने पहले ही बर्फ से लकदक है। रोहतांग टॉप पर लगभग तीन फीट बर्फ की परत जमी है। बीआरओ ने सड़क से बर्फ हटाने का कार्य शुरू किया और आज पर्यटक फोर व्हील ड्राइव वाहनों से रोहतांग दर्रा पहुंचे।

रोहतांग दर्रे के बहाल होने से पर्यटन स्थल मढ़ी में भी रौनक लौट आई है। दर्रा बहाल होने से स्थानीय कारोबारियों को भी कारोबार चलने की उम्मीद बढ़ी है। इस बार सिस्सू, अटल टनल और कोकसर में भी बर्फबारी हुई है। यह बर्फबारी मनाली के पर्यटन कारोबार में जान फूंकने का काम करेगी। बर्फबारी से पर्यटन कारोबारी गदगद हो गए हैं।
तुलसी बाबा

