-
Advertisement
मंडी में नाबालिग को किडनैप करने का प्रयास, आरोपी के मुंह पर कालिख पोती- थाने में जोरदार हंगामा
Himachal News: मंडी जिला के सुंदरनगर में एक नाबालिग को अगवा करने की कोशिश से हंगामा मच गया। दूसरे समुदाय के व्यक्ति पर दिनदहाड़े नाबालिग लड़की को किडनैप करने के आरोप लगे है। पकड़े जाने पर गुस्साए लोगों ने आरोपी की धुनाई कर डाली। उसके मुंह पर कालिख पोतकर पुलिस के हवाले किया। इसके बाद, दोनों पक्षों ने सुंदरनगर थाना में क्रॉस एफआईआर कराई। सुंदरनगर थाना के बाहर देर रात तक हंगामा चला। तनावपूर्ण माहौल देखते हुए पुलिस को मौके पर अतिरिक्त जवान बुलाने पड़े। तब जाकर मामला शांत हुआ। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर FIR कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को शाम को ही गिरफ्तार कर लिया है। उसे आज कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा।
कई दिनों से नाबालिग का पीछा कर रहा था
बताया जा रहा है कि आरोपी कई दिनों से नाबालिग का पीछा कर रहा था। स्कूल से आती जाती बार परेशान करता था। बुधवार शाम वह नाबालिग के घर के पास पहुंच गया। लोगों को जब इस बात का पता चला तो उन्होंने पकड़ कर उसकी धुनाई कर दी। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। इस बात का पता चलने पर आरोपी के रिश्तेदार भी थाना सुंदरनगर पहुंच गए।यहां थाना परिसर में दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को शांत करवाया।
दोनों पक्षों ने दर्ज करवाई शिकायत
पुलिस ने नाबालिग व उसके स्वजन के बयान दर्ज करने के बाद आरोपित के विरुद्ध केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरु कर दी है। आरोपी पक्ष के लोगों ने भी पिटाई करने तथा तेल डालकर जलाने का प्रयास करने की शिकायत दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी करीब 10 वर्ष तक विदेश में रहा है। अब बीज की दुकान करता था। उसने एक शादी कश्मीर व दूसरी बिलासपुर जिले के घुमारवीं से कर रखी है। लोगों ने जमकर हंगामा किया। इससे मनाली चंडीगढ़ हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।
संजीव कुमार

