-
Advertisement
शिमला में गणतंत्र दिवस समारोह: राज्यपाल शुक्ल ने किया ध्वजारोहण, हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा
Republic Day 2026: हिमाचल का राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह शिमला के रिज पर मनाया जा रहा है। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। राज्य स्तरीय समारोह के लिए विशेष रूप से सजाया गया है। समारोह के दौरान पहली बार रिज मैदान पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई।
मार्च पास्ट में भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, सशस्त्र सीमा बल, पंजाब पुलिस, हिमाचल प्रदेश पुलिस, होम गार्ड्स, अग्निशमन सेवाएं, हिमाचल प्रदेश डाक सेवाएं, आपदा प्रबंधन, भूतपूर्व सैनिक, राष्ट्रीय कैडेट कोर, राष्ट्रीय सेवा योजना, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स तथा अन्य टुकड़ियों ने भाग लिया जो अनुशासन, एकता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक थीं।

रितिक चौहान को जीवन रक्षा पदक
इस अवसर पर राज्यपाल ने शिमला जिला की चौपाल तहसील के अंतर्गत चंबी डाकघर के गगाना गांव निवासी रितिक चौहान को जीवन रक्षा में असाधारण साहस दिखाने के लिए उत्तम जीवन रक्षा पदक से सम्मानित किया।विभिन्न सरकारी विभागों की विकासात्मक पहलों और उपलब्धियों को दर्शाती रंग-बिरंगी झांकियां समारोह का मुख्य आकर्षण रहीं।

जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और उत्तराखंड के लोक नृत्य प्रस्तुत किए
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में और भी रंग भर दिए। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला के कलाकारों ने जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और उत्तराखंड के लोक नृत्य प्रस्तुत किए। हिमाचल प्रदेश पुलिस की एकलव्य कला मंच, प्रथम आईआरबीएन बनगढ़, ऊना द्वारा ‘‘नशा मुक्त हिमाचल’’ विषय पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से मादक पदार्थ चिट्टे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। वहीं हमीरपुर और शिमला के कलाकारों ने भी अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक कुलदीप राठौर, मोहन लाल ब्राक्टा, प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, शिमला नगर निगम के महापौर सुरिंद्र चौहान, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, उप-महापौर उमा कौशल, वरिष्ठ नागरिक, पुलिस एवं सैन्य अधिकारी तथा प्रदेश भर से आए नागरिक भी समारोह में उपस्थित रहे।

