-
Advertisement
हिमाचल में मौसम के तेवरः अटल टनल में तीन फीट बर्फबारी, निचले इलाकों में झमाझम बारिश
Himachal Weather: हिमाचल में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। प्रदेश के ऊंचे पहाड़ों पर भारी बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश हो रही है। अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ और साउथ पोर्टल पर तीन फीट से ज्यादा बर्फबारी हुई है। रोहतांग और शिंकुला दर्रा में तीन फीट, किन्नौर के कल्पा, आसरंग, रोपा वैली, सांगला, छितकुल में बर्फ गिरी है।
हिमपात से कई जगहों पर जनजीवन प्रभावित
राजधानी शिमला सहित कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर, मंडी समेत अन्य भागों में रूक-रूक कर वर्षा हो रही है। वर्षा व हिमपात से कई जगहों पर जनजीवन प्रभावित हुआ है।लगातार बारिश और ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी के कारण कई सड़कें बंद हो गई हैं। राज्य में इससे कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और दिसंबर-जनवरी जैसी ठंड फिर से लौट आई है और 7 शहरों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क चुका है। अधिकतम तापमान भी कई जगह सामान्य से 12 डिग्री तक नीचे गिर गया है।

कुल्लू में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त
कुल्लू में मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। जिले की कुल 13 सड़कें बंद हो गई हैं। भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। भुंतर-मणिकर्ण मार्ग जछनी के पास मलबा आने से अवरुद्ध हो गया है, जहां दलदल में वाहन फंसने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे चिंताजनक स्थिति कुल्लू के इनर अखाड़ा बाजार में बनी हुई है। वहीं, मणिकर्ण-बरशैनी मार्ग घटीगढ़ के पास फिर से बंद हो गया है।
बर्फबारी, ओलावृष्टि और तेज तूफान का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज भी राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि और तेज तूफान का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानी संदीप शर्मा ने बताया कि देर रात तक बादल बरसेंगे। मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में भारी बारिश के साथ आसमानी बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
तुलसी, संजू
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

