-
Advertisement
मंडी में रिटायर्ड फौजी ने पोते पर चलाई गोली, गंभीर रूप से घायल PGI चंडीगढ़ रेफर
Retired Army man Shoots Grandson in Mandi: मंडी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बल्ह उपमंडल के लोहारा गांव में देर रात रिटायर्ड फौजी ने अपने ही पोते को गोली मार दी। गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल पोते को पहले नेरचौक मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां से उसे एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस नेमामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
छुड़ाने के लिए मौके पर आया था उमेश
पुलिस को दी शिकायत में रिटायर्ड फौजी बहादुर सिंह की बहू मनीषा चौधरी (30) ने बताया कि उनके ससुर भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं। वह अक्सर शराब पीकर उनके साथ लड़ाई-झगड़ा करते रहते हैं। रविवार रात को भी नशे में धुत होकर उन्होंने उनके साथ झगड़ा किया। मनीषा और उनके पति ने अपने ससुर को समझाने की कोशिश की, लेकिन वहगालियां देते रहे और मनीषा पर बंदूक तान दी। शोर सुनकर मनीषा के जेठ जसबिंदर सिंह का बेटा उमेश चौधरी उन्हें छुड़ाने के लिए मौके पर आया।
परिजनों ने फौजी की पिटाई कर दी
इस दौरान बहादुर सिंह ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से मनीषा पर फायर किया, लेकिन गोली उमेश चौधरी को लगी। इसके बाद मनीषा और उनके पति भूपेंद्र सिंह ने बहादुर सिंह से बंदूक छीनकर एक तरफ फेंक दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिनकी मदद से उमेश चौधरी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक पहुंचाया गया। घटना के बाद गुस्साए परिवार के सदस्यों ने फौजी की पिटाई कर दी, जिससे उसे भी गंभीर चोटें आईं। बहादुर सिंह का इलाज भी एम्स बिलासपुर में चल रहा है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
संजीव कुमार
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

