-
Advertisement
ट्रांसजेंडर बनकर मंदिर में पैसे वसूल रहा बांग्लादेशी छात्र, जयराम बोले- ये इंटेलिजेंस फेलियर
Himachal News: शिमला के मंदिर में बांग्लादेशी छात्र के ट्रांसजेंडर वेश में पहुंचने और लोगों से पैसे वसूलने का मामला गरमा गया है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर इसे इंटेलिजेंस फेलियर बताया है। वहीं शिमला के विधायक विधायक हरीश जनारथा ने इस पूरे मामले में एक्शन लेने की बात कही है। हालांकि इस संबंध में शिमला पुलिस को भी लिखित में शिकायत दी गई है।
हिंदू रक्षा मंच का आरोप -भक्तों को आशीर्वाद देकर पैसे वसूल रहा
लोगों ने स्टडी वीजा पर शिमला पढ़ने आए बांग्लादेशी छात्र के मंदिरों में ट्रांसजेंडर बनकर पैसे एकत्र करने परआपत्ति जताई है। हिंदू रक्षा मंच का आरोप है कि शिमला के निजी विश्वविद्यालय में पढ़ने वाला छात्र सैफदुल इस्लाम मंदिरों में ट्रांसजेंडर बनकर भक्तों को आशीर्वाद देकर पैसे वसूल रहा है। इस संबंध में शिमला पुलिस को लिखित में शिकायत दी गई है। इस शिकायत में कहा गया है कि इंस्टाग्राम प्रोफ़ाइल पर बांग्लादेशी स्टूडेंट बताने वाला ये शख्स मंदिरों में ट्रांसजेंडर बनकर पैसे मांगता है। छात्र के बांग्लादेशी होने के चलते मामला और भी अधिक गंभीर बन गया है। बीजेपी ने भी इस पूरे मामले में गंभीरता से जांच की मांग की है।
जिन चीज़ों पर नजर रखी जानी चाहिए, वहां लापरवाही हो रही
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इसे इंटेलिजेंस फेलियर बताते हुए पूरे मामले में गंभीरता के साथ कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने कहा कि अगर मामले में सच्चाई है, तो यह राज्य की खुफिया तंत्र का फेलियर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की घटनाएं केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनका संबंध राष्ट्रीय सुरक्षा से भी हो सकता है। जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के दौरान विपक्ष के विधायकों के फ़ोन सर्विलांस पर रखे जाते थे, लेकिन जिन चीज़ों पर नजर रखी जानी चाहिए, वहां लापरवाही हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर इस मामले में सच्चाई पाई गई, तो वह सदन के अंदर भी इस मामले को उठाएंगे।
बांग्लादेश एम्बेसी के ज़रिये कार्रवाई करेंगे
शिमला के विधायक हरीश जनारथा ने कहा कि अगर कोई छात्र स्टडी वीजा पर भारत आया है, तो उसे अपने दायरे में सीमित रहना चाहिए। मीडिया के जरिये यह मामला उनके ध्यान में आया है। वे इस संबंध में पुलिस के आला अधिकारियों से बात कर उन्हें सख्त एक्शन लेने के लिए कहेंगे। विधायक हरीश जनारथा ने इस पूरे मामले में बांग्लादेश एम्बेसी के ज़रिये कार्रवाई की बात कही।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

