-
Advertisement
हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जारी किया D.El.Ed. एंट्रेंस टेस्ट और री-अपीयर परीक्षाओं का शेड्यूल
HPBOSE: हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए प्रारंभिक शिक्षा में डिप्लोमा (D.El.Ed.) के माध्यम से शिक्षण क्षेत्र में करियर बनाने का शानदार अवसर आ गया है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला ने शैक्षणिक सत्र 2026-28 में प्रवेश हेतु कॉमन एंट्रेंस टेस्ट-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित कर दिए हैं। बोर्ड अध्यक्ष डॉ राजेश शर्मा ने आधिकारिक जानकारी साझा करते हुए बताया कि इच्छुक उम्मीदवार बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं। यह प्रवेश परीक्षा न केवल नए अभ्यर्थियों के लिए है, बल्कि बोर्ड ने उन परीक्षार्थियों के लिए भी आवेदन की खिड़की खोल दी है जो डी.एल.एड. पार्ट-I और पार्ट-II की री-अपीयर परीक्षाओं में बैठने के पात्र हैं।
प्रवेश परीक्षा का पूरा कार्यक्रम और महत्वपूर्ण तिथियां
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि डी.एल.एड. कॉमन एंट्रेंस टेस्ट के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 04 अप्रैल 2026 से शुरू होगी और 26 अप्रैल 2026 तक जारी रहेगी। यदि कोई अभ्यर्थी इस अवधि में आवेदन करने से चूक जाता है, तो वह 27 से 29 अप्रैल 2026 तक 500 रुपये के विलंब शुल्क के साथ अपना फॉर्म भर सकता है। बोर्ड ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए 30 अप्रैल से 02 मई 2026 तक त्रुटि सुधार (Correction Window) का समय भी दिया है। इस पूरी प्रक्रिया के बाद, बहुप्रतीक्षित प्रवेश परीक्षा का आयोजन 31 मई 2026 (रविवार) को किया जाएगा, जिसके लिए रोल नंबर परीक्षा से ठीक चार दिन पहले डाउनलोड किए जा सकेंगे।
शुल्क विवरण और सुधार हेतु विशेष निर्देश
बोर्ड अध्यक्ष डॉ राजेश शर्मा ने बताया कि आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 900 रुपये, जबकि एससी, एसटी, ओबीसी, पीएचएच और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 600 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। भुगतान की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होगी। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवेदन में ऑनलाइन सुधार केवल सीमित समय के लिए होगा। विशेष रूप से श्रेणी या उप-श्रेणी में किसी भी बदलाव के लिए अभ्यर्थियों को स्वयं बोर्ड कार्यालय धर्मशाला जाकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करना होगा, क्योंकि अंतिम तिथि के बाद किसी भी प्रार्थना पत्र पर विचार नहीं किया जाएगा।
री-अपीयर परीक्षाओं के लिए भी आवेदन प्रक्रिया शुरू
एंट्रेंस टेस्ट के साथ-साथ बोर्ड ने डी.एल.एड. पार्ट-I और पार्ट-II के री-अपीयर छात्रों के लिए भी जून 2026 में होने वाली परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके लिए पात्र छात्र 02 अप्रैल 2026 से 16 अप्रैल 2026 के बीच अपने संबंधित शिक्षण संस्थानों के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। री-अपीयर परीक्षा के लिए प्रति छात्र 1350 रुपये शुल्क तय किया गया है। बोर्ड ने सभी शिक्षण संस्थानों और छात्रों को सलाह दी है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर लें, क्योंकि अंतिम तिथि के बाद कोई भी आवेदन स्वीकार्य नहीं होगा। किसी भी प्रकार की पूछताछ के लिए अभ्यर्थी बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर 01892-242192 पर संपर्क कर सकते हैं।
अमित महाजन
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

