-
Advertisement
ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन के खिलाफ सड़क पर उतरे ट्रांसपोर्टर , धर्मशाला, पालमपुर, देहरा व शाहपुर में प्रदर्शन
Transporters Strike against ATS: कांगड़ा जिले में ट्रांसपोर्टर ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन के खिलाफ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इनकी हड़ताल के ऐलान के बाद आज जिले के अधिकांश प्राइवेट स्कूलों ने छुट्टी की घोषणा कर दी है। जिला में ट्रांसपोर्टर जगह- जगह सड़क पर उतर कर नारेबाजी कर रहे हैं इस दौरान यातायात पर भी असर पड़ा है। प्राइवेट ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिलेभर में कमर्शियल वाहनों के पहिये थम गए हैं।
कमर्शियल वाहनों को रोका जा रहा है
धर्मशाला में गांधी वाटिका में ट्रांसपोर्टर सड़क पर बैठकर जोरदार नारेबाजी व विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी तरह पालमपुर , देहरा व शाहपुर में भी ट्रांसपोर्टर सड़क पर उतर कर नारेबाजी कर रहे हैं। गगल के पास सनौरा चौक और रैत के पास चंबी में भी ऑपरेटर एकत्र हुए हैं। यहां कमर्शियल वाहनों को रोका जा रहा है। धर्मशाला में ट्रांसपोर्टरों के प्रदर्शन के चलते मौके पर पुलिस पहुंची है और यातायात को सुचारू बनाने का प्रयास कर रही है। देहरा की हनुमान चौक पर ऑपरेटर यूनियन प्रदर्शन कर रही है। यूनियन के सदस्यों ने पहले हनुमान चौक और फिर व्यास पुल के पास धरना दिया और नारेबाजी की।
नई पासिंग व्यवस्था के विरोध में ट्रांसपोर्ट यूनियन
ट्रांसपोर्ट यूनियनों के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि नई पासिंग व्यवस्था के विरोध में है। उनका कहना है कि ऑटोमेटेड प्रणाली में कई व्यावहारिक दिक्कतें सामने आ रही हैं, जिससे ट्रांसपोर्टरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिला ट्रक यूनियन के प्रधान महेंद्र चौहान ने बताया कि टेस्टिंग स्टेशन पर यदि वाहन में कोई कमी पाई जाती है, तो चालकों को बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं। इससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है। उन्होंने मांग की कि पूर्व की तरह मोटर व्हीकल निरीक्षक द्वारा की जाने वाली पासिंग व्यवस्था को बहाल किया जाए।
वाहनों की पासिंग के लिए ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन स्थापित
बता दें कि केंद्र के निर्देशों पर सरकार ने वाहनों की पासिंग के लिए सरकार ने ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन स्थापित किए है। अब इनके माध्यम से ही वाहनों की पासिंग हो रही है। राज्य के अलग अलग क्षेत्रों में टेस्टिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके है। मगर ट्रांसपोर्टर इसके विरोध में उतर आए है।
पंकज
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

