-
Advertisement
महिला आरक्षण के मुद्दे को बीजेपी राजनीतिक लाभ के लिए कर रही इस्तेमाल
Women’s Reservation: महिला आरक्षण को लेकर सियासत गरमा गई है। शिमला में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर ने केंद्र सरकार और पीएम नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। राठौर ने पीएम के हालिया संबोधन को चुनावी भाषण करार देते हुए कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।
महिला आरक्षण के मुद्दे को राजनीतिक रंग दिया
कुलदीप राठौर ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री का राष्ट्र के नाम संबोधन किसी बड़ी घोषणा के बजाय विपक्ष, खासकर कांग्रेस, पर निशाना साधने तक सीमित रहा। उन्होंने कहा कि करीब 29 मिनट के भाषण में महिला आरक्षण के मुद्दे को राजनीतिक रंग दिया गया, जबकि देश किसी ठोस फैसले की उम्मीद कर रहा था। राठौर ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पहले ही संसद से पारित हो चुका है और राष्ट्रपति की मंजूरी भी मिल चुकी है, इसके बावजूद भाजपा इसे चुनावी मुद्दा बना रही है। उन्होंने परिसीमन और जनगणना को जोड़ने के फैसले पर भी सवाल उठाए और कहा कि 2011 की जनगणना के आधार पर ऐसा करना उचित नहीं है।
इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी कांग्रेस
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि बीजेपी पहले से तय रणनीति के तहत इस मुद्दे को उछाल रही है ताकि विपक्ष को महिला विरोधी दिखाया जा सके। उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक अधिकार देने में कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका रही है, जिसमें राजीव गांधी के समय पंचायती राज में आरक्षण और इंदिरा गांधी के कार्यकाल के महत्वपूर्ण फैसले शामिल हैं। राठौर ने भाजपा पर धर्म और जाति की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब महिला आरक्षण को भी चुनावी हथियार बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी और भाजपा की मंशा को उजागर करेगी।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

