-
Advertisement
एक घंटे की पार्किंग के मांगे 800 रुपये, वीडियो वायरल होने के बाद आया MC Shimla हरकत में
Shimla Parking Fee Dispute: राजधानी शिमला में नगर निगम की पार्किंग का संचालन एक बार फिर विवादों में आ गया है। शहर के सबसे भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित एक कमर्शियल पार्किंग में ओवरचार्जिंग का बड़ा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर जमकर बवाल खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पार्किंग संचालक एक बाइक राइडर से कथित तौर पर महज एक घंटे की पार्किंग के बदले 800 रुपये की मांग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी नाराज़गी देखने को मिल रही है और नगर निगम की पार्किंग व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
हिमाचल में पार्किंग के नाम पर खुली लूट,एक घंटे के 800
रूपए,साथ में बदतमीजी#Shimla #Hungama #Parking #Loot #Himachal #analpatrwal pic.twitter.com/xOZ6dBEoJv— Himachal Abhi Abhi (@himachal_abhi) May 14, 2026
मारपीट करने की भी कोशिश की गई
बाइक राइडर का आरोप है कि जब उन्होंने तय शुल्क को लेकर सवाल उठाया तो उनके साथ ना सिर्फ बदसलूकी की गई, बल्कि मारपीट करने की भी कोशिश की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पार्किंग संचालकों का रवैया आम लोगों के प्रति बेहद आक्रामक है और मनमाने तरीके से वसूली की जा रही है। मामला तूल पकड़ने के बाद नगर निगम शिमला प्रशासन हरकत में आया है। नगर निगम ने संबंधित पार्किंग संचालक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
ओवरचार्जिंग और दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं
वहीं इस पूरे मामले को लेकर नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र मंत्री ने सख्त रुख अपनाया है। एमसी कमिश्नर भूपेंद्र मंत्री ने कहा कि ओवरचार्जिंग और लोगों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर पार्किंग संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पार्किंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल
शहर में लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने नगर निगम की पार्किंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिमला में कई पार्किंगों में मनमाने शुल्क वसूले जा रहे हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद कार्रवाई अक्सर कागज़ों तक सीमित रह जाती है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के बाद निगम प्रशासन कितनी सख्ती दिखाता है और आम लोगों को राहत मिल पाती है या नहीं।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

