-
Advertisement
Himachal Cabinet : दो लाख से कम आय वाली सभी महिलाओं को मिलेंगे 1500 रुपए, 24 घंटे खुली रहेंगी दुकानें
Himachal Cabinet Meeting Decisions : शिमला। हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhwinder Singh Sukhu) की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक (Cabinet Meeting) में महत्वपूर्ण फैसले हुए हैं। प्रदेश में लागू आचार संहिता के चलते सरकार की ओर से आधिकारिक प्रेस ब्रीफिंग नहीं की गई। सूचना के मुताबिक आज की बैठक में प्रदेश में विभिन्न विभागों में 2500 पदों को भरने की मंजूरी मिली है। साथ ही प्रदेशभर में दुकानों को 24 घंटे खुले रखने की अनुमति देने का बड़ा निर्णय लिया है। इसके अलावा कॉलेज प्रोफेसरों की सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष से बढ़ाकर 63 वर्ष करने को भी मंजूरी दी गई है।
चुनावी गारंटी को किया पूरा
कांग्रेस पार्टी ने चुनावी गारंटी को पूरा करते हुए हिमाचल में जिन परिवारों की वार्षिक आय 2 लाख रुपये से कम होगी, ऐसी महिलाओं को 1500 रुपये की पेंशन देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है। बजट सत्र में की गई कई घोषणाओं पर भी मुहर लगी है। रिडक्शन ऑफ रॉयल्टी को 7 प्रतिशत से घटाकर 1 प्रतिशत करने का निर्णय मंजूर किया गया।
इन वर्गों का मानदेय बढ़ा
कैबिनेट बैठक में मिड-डे मील वर्कर्स, एसएमसी और मल्टी टास्क वर्कर्स के मानदेय में 500 रुपये की बढ़ोतरी को भी स्वीकृति दी गई। लोक निर्माण विभाग के मल्टी टास्क वर्कर्स का वेतन 5500 रुपये से बढ़ाकर 6000 रुपये करने का फैसला लिया गया। प्रागपुर को SDM ऑफिस की सौगात भी दी गई। पंचायत चौकीदारों के वेतन में 500 रुपये तथा सिलाई अध्यापिकाओं के मानदेय में 1000 रुपये बढ़ाने का फैसला भी कैबिनेट ने लिया।
भर्ती को लेकर भी कई महत्वपूर्ण निर्णय
सरकारी विभागों में भर्ती को लेकर भी कई महत्वपूर्ण निर्णय हुए हैं। पुलिस विभाग में 12 क्लर्क पद, आईटीआई में 94 क्राफ्ट इंस्ट्रक्टर पद, 105 सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर पद और 4 एपीआरओ पद भरने को मंजूरी दी गई है। हिम चंडीगढ़ को 8 हज़ार बीघा जमीन देने को भी कैबिनेट ने मंजूरी प्रदान की है। सरकार ने चंडीगढ़ की तर्ज पर हिम चंडीगढ़ बसाने का निर्णय लिया था।
शिक्षा विभाग में 1500 पद भरने को भी मंजूरी
शिक्षा क्षेत्र में भी बड़ा फैसला लेते हुए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अधीन 300 स्कूलों में सीबीएसई स्कूलों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। साथ ही शिक्षा विभाग में 1500 नए पद भरने को भी मंजूरी मिलने की जानकारी है। इसके अलावा 500 पद JOA IT के पद भरने को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी है।

