-
Advertisement
करसोग में चुनाव के दौरान बड़ी लापरवाही, बैलेट पेपर से गायब हुआ प्रत्याशी का नाम; BDC चुनाव स्थगित
Panchayat Elections: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के करसोग में पंचायत चुनाव के दौरान गंभीर प्रशासनिक लापरवाही का मामला सामने आया है। करसोग के थाच-थर्मी, प्रलोग और मेंडी बीडीसी (BDC) वार्ड में मतदान के दौरान एक प्रत्याशी का नाम ही बैलेट पेपर से नदारद पाया गया, जिसके बाद हड़कंप मच गया।
होशियार सिंह का नाम बैलेट पेपर पर अंकित नहीं
आज सुबह सात बजे जब मतदान शुरू हुआ, तो कुछ ही देर बाद यह बात सामने आई कि बीडीसी उम्मीदवार होशियार सिंह का नाम बैलेट पेपर पर अंकित नहीं है लेकिन कुर्सी का चुनाव निशान ही मौजूद था। तकनीकी खामी का पता चलते ही मतदान कर्मियों ने आनन-फानन में वोटिंग रोक दी।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम करसोग गौरव महाजन तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेकर डीसी मंडी को विस्तृत रिपोर्ट सौंपी।
राज्य चुनाव आयोग के संज्ञान में लाया मामला
डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने मामले को तुरंत स्टेट इलेक्शन कमीशन (राज्य चुनाव आयोग) के संज्ञान में लाया। चुनाव की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आयोग ने तत्काल प्रभाव से इन तीन पंचायतों के बीडीसी वार्ड में मतदान स्थगित करने का निर्णय लिया।
सख्त विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी
थाच-थर्मी, प्रलोग और मेंडी पंचायत में बीडीसी की वोटिंग रोक दी गई है। बाकी चार पदों के लिए मतदान जारी है। इस मामले पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने स्पष्ट किया कि यह प्रिंटिंग की गलती नहीं, बल्कि स्थानीय स्तर पर लेखन कार्य (मैन्युअल एंट्री) में बरती गई भारी कोताही है। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर चूक है और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अन्य पदों पर मतदान जारी
बीडीसी के चुनाव को छोड़कर, अन्य पांच पदों के लिए संबंधित पंचायतों में मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है। स्थगित किए गए बीडीसी वार्डों के लिए चुनाव की नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी। ज्ञात हो कि इस वार्ड के अंतर्गत आने वाली मेंडी पंचायत में पहले से ही 28 मई को मतदान होना था, जो अब नई निर्धारित तिथि के अनुसार संपन्न होगा।
एन शर्मा
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

