-
Advertisement
हिमाचल की 1189 पंचायतों मतदान शुरू, पोलिंग बूथ के बाहर लंबी लाइनें -17 लाख वोटर चुनेंगे जनप्रतिनिधि
Himachal Panchayat Election: हिमाचल प्रदेश में तीसरे और अंतिम चरण का मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है, जो दोपहर 3 बजे तक जारी रहेगा।इस अंतिम चरण में राज्य की 1,189 पंचायतों में ग्रामीण सरकार चुनने के लिए करीब 17 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार, इस चरण में कुल 6,615 वार्डों में वोट डाले जा रहे हैं, जहां मतदाता प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्यों के साथ-साथ जिला परिषद और पंचायत समिति के सदस्यों की किस्मत का फैसला करेंगे।

आज शाम तक आएंगे पंचायतों के नतीजे
लोकतंत्र के इस उत्सव में खास बात यह है कि वोटिंग प्रक्रिया खत्म होने के बाद आज शाम तक ही पंचायतों के नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। हालांकि, जिला परिषद और पंचायत समिति के सदस्यों के भाग्य का फैसला थोड़ा इंतजार कराएगा। इन पदों के लिए डाले गए वोटों की गिनती कल, यानी 31 मई को की जाएगी।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवधान मुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर सभी मतदान केंद्रों और संवेदनशील इलाकों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को विशेष दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं ताकि मतदाता बिना किसी डर के अपने लोकतंत्र के अधिकार का इस्तेमाल कर सकें।

