-
Advertisement
7 जून को होगी स्पेशल एजुकेटर TET परीक्षा, HPBOSE ने जारी किए एडमिट कार्ड
HPBOSE:हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला आगामी 7 जून 2026 को स्पेशल एजुकेटर शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का आयोजन करने जा रहा है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि टीईटी जून-2026 के तहत स्पेशल एजुकेटर (प्री-प्राइमरी से पांचवीं कक्षा) और स्पेशल एजुकेटर (छठी से बारहवीं कक्षा) दोनों स्तरों की परीक्षाएं रविवार, 7 जून को ही आयोजित की जाएंगी। बोर्ड प्रशासन ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
दो सत्रों में होगी परीक्षा; 535 अभ्यर्थी आजमाएंगे भाग्य
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. शर्मा के मुताबिक, दोनों ही परीक्षाओं की समयावधि ढाई घंटे (2:30 घंटे) निर्धारित की गई है, जिसे दो अलग-अलग सत्रों में कराया जाएगा। पहले सत्र में स्पेशल एजुकेटर TET (प्री-प्राइमरी से कक्षा-5वीं) की परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी, जिसमें कुल 407 अभ्यर्थी प्रदेश के 3 निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर हिस्सा लेंगे। वहीं, दूसरे सत्र में स्पेशल एजुकेटर TET (कक्षा 6वीं से 12वीं) की परीक्षा दोपहर 02:00 बजे से शाम 04:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। इस द्वितीय चरण की परीक्षा में 128 अभ्यर्थी 3 परीक्षा केंद्रों पर शामिल होने जा रहे हैं।
वेबसाइट से डाउनलोड करें प्रवेश पत्र, पहचान पत्र लाना अनिवार्य
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र (Admit Card) बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर लाइव कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी पोर्टल पर जाकर अपना ‘Application Number’ और ‘Date of Birth’ (जन्मतिथि) दर्ज करके एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। बोर्ड अध्यक्ष ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर तय समय से पहले पहुंचें और अपने साथ एडमिट कार्ड के अलावा एक वैध मूल पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी, या ड्राइविंग लाइसेंस) अवश्य लाएं।
हेल्पलाइन नंबर जारी
बोर्ड ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए एक आधिकारिक दूरभाष नंबर भी जारी किया है। यदि किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा या प्रवेश पत्र से संबंधित कोई समस्या या जानकारी चाहिए, तो वे बोर्ड कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर 01892-242192 पर सीधे संपर्क कर सकते हैं।
अमित महाजन

