-
Advertisement
शिमला में ‘नशामुक्त और स्वच्छ हिमाचल’ के लिए दौड़े युवा, राज्यपाल ने दिखाई हरी झंडी
Run for Clean Environment and Chitta-Free Life: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज पर पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का संदेश देने के लिए “मिनी मैराथन– रन फॉर क्लीन एनवायरनमेंट एंड चिट्टा-फ्री लाइफ” का भव्य आयोजन किया गया। प्रदेश के राज्यपाल कवींद्र गुप्ता ने इस मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस विशेष कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन हिमाचल प्रदेश पुलिस तथा पर्यावरण, विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा किया गया।
नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूक करना
इस अवसर पर राज्यपाल कवींद्र गुप्ता ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस मिनी मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम जनता को केवल स्वच्छ पर्यावरण के प्रति ही नहीं, बल्कि एक नशामुक्त (चिट्टा-फ्री) समाज के निर्माण के लिए भी जागरूक करना है। इस दौड़ के माध्यम से पूरे प्रदेश में ‘स्वच्छ, हरित और चिट्टा-मुक्त हिमाचल प्रदेश’ का एक कड़ा और स्पष्ट संदेश दिया जा रहा है। राज्यपाल ने इस सफल और उद्देश्यपूर्ण आयोजन के लिए पुलिस विभाग के साथ-साथ पर्यावरण विभाग की भी जमकर सराहना की।
समाज की भागीदारी और ‘स्वगणना’ की अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने इस बात पर खुशी जताई कि समाज की बेहतरी के लिए आज हर वर्ग के लोग घरों से बाहर निकलकर सामने आ रहे हैं। उन्होंने इसे एक आदर्श समाज बनाने की दिशा में एक बेहद जरूरी कदम बताया।
इसके साथ ही, राज्यपाल कवींद्र गुप्ता ने उपस्थित आम जनता से एक विशेष अपील करते हुए आग्रह किया कि वे राज्य में चल रही स्वगणना (Self-Census) प्रक्रिया में भी अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस मैराथन में युवाओं, स्थानीय नागरिकों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे रिज मैदान पर एक सकारात्मक और ऊर्जावान माहौल देखने को मिला
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

