-
Advertisement
शिमला में जिला परिषद सदस्यों के शपथ ग्रहण में हंगामा, बीजेपी कार्यकर्ताओं की धक्का-मुक्की, नारेबाजी
Himachal News: राजधानी शिमला स्थित बचत भवन कार्यालय में शनिवार को जिला परिषद सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान जमकर बवाल हुआ। प्रशासन और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच हुई तीखी नोकझोंक के बाद मामला इतना बढ़ गया कि प्रदर्शनकारियों ने डीसी शिमला का घेराव कर दिया। इस दौरान हुई धक्का-मुक्की में डीसी अनुपम कश्यप गिर गए, जिन्हें सुरक्षाकर्मियों और स्टाफ ने बमुश्किल सुरक्षित निकाला।
परिजनों और कार्यकर्ताओं को बाहर निकालने पर भड़का विवाद
समारोह शुरू होने से पहले ही माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जबडीसी के निर्देश पर जिला परिषद सदस्यों के परिजनों को हॉल से बाहर जाने के लिए कहा गया। इसके बाद प्रशासन ने एक-एक कर बीजेपी कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों को भी सभागार से बाहर निकाल दिया। इस कार्रवाई का बीजेपी समर्थकों ने कड़ा विरोध किया, जिससे प्रशासन और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद डीसी आफिस परिसर में भारी हंगामे में बदल गया।
हंगामे के बीच आनन-फानन में दिलाई गई शपथ
परिसर में बढ़ते तनाव और नारेबाजी के बीच सुबह करीब 11:40 बजे डीसी अनुपम कश्यप सभागार में पहुंचे। उन्होंने हंगामे के साये में ही जिला परिषद सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और तुरंत वहां से वापस लौट गए।
डीसी का घेराव और धक्का-मुक्की
शपथ ग्रहण संपन्न होने के बाद भी कार्यकर्ताओं का आक्रोश शांत नहीं हुआ। बाहर मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डीसी को रास्ते में ही घेर लिया। इस घेराव के दौरान स्थिति इतनी अनियंत्रित हो गई कि धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी आपाधापी में उपायुक्त अनुपम कश्यप अपना संतुलन खो बैठे । मौके पर मौजूद अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई। उन्होंने उपायुक्त को संभाला और भीड़ के बीच से सुरक्षित निकालकर उनके कार्यालय तक पहुंचाया। इस घटना के बाद से परिसर में माहौल गरमाया हुआ है।
संजू चौधरी

