-
Advertisement
भुंतर में प्रवासी की जान बचाने ब्यास नदी में कूदा युवक, तेज बहाव में बहने से लापता
Kullu News: कुल्लू जिले स्थित भुंतर कस्बे से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। शुक्रवार शाम को यहां एक पुराने पुल से ब्यास नदी में छलांग लगाने वाले व्यक्ति को बचाने के प्रयास में एक साहसी युवक खुद ब्यास नदी के तेज बहाव में बह गया। सुरक्षित निकाले गए व्यक्ति को अस्पताल पहुंचा दिया गया है, जबकि लापता युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
आंखों के सामने नदी में समाया युवक
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम एक प्रवासी व्यक्ति ने भुंतर कस्बे में स्थित पुराने पुल से अचानक ब्यास नदी में छलांग लगा दी। उसे पानी में डूबता देख मौके पर मौजूद एक युवक ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे बचाने के लिए तुरंत नदी में छलांग लगा दी। इस साहसिक रेस्क्यू के दौरान युवक ने उस प्रवासी व्यक्ति को तो सुरक्षित किनारे की तरफ धकेल दिया, जिसे बाद में बाहर निकाल लिया गया। लेकिन, इस जद्दोजहद में बचाने गया युवक खुद नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया। पानी का वेग इतना अधिक था कि वह खुद को संभाल नहीं पाया और देखते ही देखते लोगों की आंखों के सामने नदी में समा गया।
अस्पताल में चल रहा है प्रवासी का इलाज
नदी से सुरक्षित बाहर निकाले गए प्रवासी व्यक्ति को तुरंत तेगूबेहड़ अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर लापता युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और लापता युवक की तलाश तेज कर दी गई है।
लापता युवक की तलाश जारी
एसपी मदन लाल कौशल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस दल को तुरंत मौके पर भेज दिया गया था। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और स्थानीय लोगों व गोताखोरों की मदद से लापता युवक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
तुलसी बाबा
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

