-
Advertisement
ढली – रामपुर फोर-लेन का सर्वेक्षण पूराः सीएम बोले-टनल निर्माण को प्राथमिकता, निर्विरोध चुनी नगर पंचायत को 50 लाख
CM Sukhvinder Singh Sukhu: हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला जिला के प्रसिद्ध हाटू माता मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सीएम में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

धार्मिक पर्यटन और देव संस्कृति को प्रोत्साहन
मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए सीएम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी समृद्ध ‘देव संस्कृति’ के लिए विश्व विख्यात है और यहां के लोगों की अपने देवी-देवताओं में अटूट आस्था है। प्रदेश के प्राचीन मंदिरों की महत्ता को देखते हुए राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।ढली-नारकंडा-रामपुर फोर-लेन परियोजना-पर्यटन और संपर्क सुविधा को रफ्तार देने के लिए सीएम ने एक बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजना की जानकारी दी। सीएम ने कहा ढली-नारकंडा-रामपुर सड़क को फोर-लेन राजमार्ग में विकसित किया जा रहा है, जिसका सर्वेक्षण कार्य पूरा हो चुका है। भूस्खलन से होने वाले नुकसान को कम करने और यात्रियों को सुरक्षित व सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए इस परियोजना में टनल (सुरंग) निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी।
हाटू माता रोपवे और सड़क सुधार
सीएम ने कहा कि सरकार हाटू माता रोपवे परियोजना के निर्माण की दिशा में गंभीरता से काम कर रही है।इस परियोजना को नाबार्ड (NABARD) के तहत प्रस्तावित किया गया है।हालांकि इसे धरातल पर उतरने में 3 से 4 वर्ष का समय लग सकता है, लेकिन सरकार इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।इसके साथ ही हाटू माता सड़क के सुधार कार्यों के लिए बजट स्वीकृत कर दिया गया है। सीएम ने स्पष्ट किया कि इस कार्य के दौरान पर्यावरण का विशेष ध्यान रखा जाएगा और पेड़ों को कटान से बचाने का प्रयास किया जाएगा।
नारकंडा नगर पंचायत को 50 लाख की सौगात
सीएम ने निर्विरोध निर्वाचित हुई नारकंडा नगर पंचायत के विकास के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर नारकंडा के नवनिर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों ने सीएम को सम्मानित किया। अपने इस दौरे के दौरान सीएम सुक्खू ने नारकंडा में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

