-
Advertisement
पांवटा साहिब में दर्दनाक हादसा: दवा कंपनी की सर्विस लिफ्ट में फंसकर युवक की मौ#त
Himachal News: हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब से एक बेहद दुखद और दर्दनाक घटना सामने आई है। यहाँ सूरजपुर स्थित एक निजी दवा कंपनी में काम करने गए 19 वर्षीय युवक की सर्विस लिफ्ट में फंसने से मौत हो गई। सबसे मार्मिक बात यह है कि मृतक युवक का इस कंपनी में नौकरी का यह पहला ही दिन था, जो उसकी जिंदगी का आखिरी दिन बन गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
सर्विस लिफ्ट में सामान लेकर ऊपर जा रहा था अमन
मृतक की पहचान अमन (19 वर्ष) पुत्र सुल्तान सिंह, निवासी क्यारदा गांव के रूप में हुई है। अमन ने सूरजपुर स्थित निजी दवा कंपनी ‘पेस बायोटेक’ में काम करना शुरू किया था। घटना वाले दिन अमन फैक्ट्री की सर्विस लिफ्ट में कुछ सामान लेकर ऊपर जा रहा था। इसी दौरान अचानक सर्विस लिफ्ट बीच में ही बंद हो गई और अमन उसमें बुरी तरह फंस गया।लिफ्ट में फंसे होने का पता चलते ही साथी कामगारों और कंपनी प्रबंधन में हड़कंप मच गया। कड़ी मशक्कत के बाद अमन को लिफ्ट से बाहर निकाला गया और तुरंत पांवटा साहिब के जुनेजा अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
कंपनी की लापरवाही पर परिजनों का हंगामा
इस दर्दनाक घटना की खबर जैसे ही अमन के परिवार वालों और गांव वालों को मिली, वहां कोहराम मच गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने कंपनी परिसर के बाहर इकट्ठा होकर कंपनी प्रबंधन की भारी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ा विरोध जताया। लोगों का कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण ही 19 साल के जवान बेटे की जान गई है। परिवार ने कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और परिजनों व चश्मदीदों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि लिफ्ट में तकनीकी खराबी कैसे आई और क्या कंपनी में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एचके पंडित

