-
Advertisement
कांग्रेस कलह की पार्टी हैं -जयराम ठाकुर बोले- सीएम सुक्खू सरकार नहीं सिर्फ अपना गुट चला रहे हैं
Jai Ram Thakur: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी और सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू पर जोरदार सियासी हमला बोला है। ऊना में बीजेपी कार्यालय में पार्टी के राज्यस्तरीय शिविर में शिरकत करने पहुंचे जयराम ठाकुर ने मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस को ‘कलह की पार्टी’ करार दिया। जयराम ठाकुर ने कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी में हर समय कलह का वातावरण बना रहता है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में कांग्रेस के भीतर इतने गुट बन चुके हैं कि अब उनकी गिनती करना भी लगभग असंभव हो गया है।
‘अपना घर संभालने’ की याद दिलाई नसीहत
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि एक समय था जब सीएम सुक्खू बार-बार बीजेपी पर कलह को लेकर टिप्पणियां किया करते थे। तब बीजेपी की ओर से उन्हें नसीहत दी जाती थी कि वह पहले अपना घर (पार्टी) संभालें, लेकिन उन्होंने एक ना मानी। जयराम ने कहा कि आज उस अनदेखी का परिणाम पूरे प्रदेश के सामने है।
सीएम सरकार नहीं, गुट चला रहे हैं
सीएम की कार्यप्रणाली पर सीधा प्रहार करते हुए जयराम कहा कि सुक्खू जब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष थे, तब भी वह पूरी पार्टी को साथ लेकर चलने के बजाय सिर्फ अपना एक गुट चलाते थे। आज जब वह सीएम के पद पर आसीन हैं, तब भी प्रदेश में सरकार नहीं बल्कि उनका एक गुट ही काम कर रहा है।
‘नशेड़ी’ वाले बयान पर खड़े किए सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने एक बेहद गंभीर मुद्दे को उठाते हुए कहा कि सीएम अपनी ही पार्टी के एक वरिष्ठ नेता—जो लंबे समय तक उपाध्यक्ष पद पर रहे हैं—उन्हें अब ‘नशेड़ी’ कह रहे हैं। जयराम ठाकुर ने सवाल उठाया कि “वह नेता अचानक आज नशेड़ी कैसे हो गए?” उन्होंने मांग की है कि सीएम सुक्खू को अपने इस विवादित बयान पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।यह राजनीतिक बयानबाजी ऐसे समय में आई है जब प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं और विपक्ष लगातार सरकार की अंदरूनी गुटबाजी को मुद्दा बना रहा है।
सुनैना जसवाल

