-
Advertisement
शिमला में सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर घर के आंगन में गिरी थार, युवक की मौ#त
Shimla Accident: हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। कुमारसैन क्षेत्र के वीरगढ़ गांव में एक महिंद्रा थार गाड़ी अनियंत्रित होकर एक घर के आंगन में जा गिरी, जिससे कार चला रहे 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कुमारसेन के शावट गांव निवासी कविश चौहान पुत्र जगदीश चौहान के रूप में हुई है।
रात को सुनी भारी चीज गिरने की आवाज
पुलिस के अनुसार, यह हादसा 12 जून की रात करीब 9:45 बजे हुआ। वीरगढ़ गांव की शीतल सिंघा ने बताया कि वह अपने घर पर थीं, जब उन्हें घर के ऊपर की ओर से भारी वस्तु गिरने की तेज़ आवाज़ सुनाई दी। बाहर निकलने पर उन्होंने देखा कि उनके आंगन में एक सफेद और काले रंग की थार गाड़ी (नंबर HP 95A 8515) पलटी हुई हालत में गिरी हुई थी, जिसकी छत जमीन की ओर थी।
कड़ी मशक्कत के बाद निकाला युवक को गाड़ी से
शीतल सिंघा ने गाड़ी के पास जाकर देखा तो एक व्यक्ति गाड़ी के नीचे दबा हुआ था। उन्होंने तुरंत अशोक चौहान और अन्य ग्रामीणों को सूचित किया। शोर सुनकर गांव के लोग इकट्ठा हुए और कड़ी मशक्कत के बाद वाहन के नीचे दबे युवक कविश चौहान को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय गाड़ी में केवल कविश चौहान ही सवार थे।
सूचना मिलने पर कुमारसैन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। युवक की आकस्मिक मौत से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
संजू चौधरी

