- Advertisement

कांगड़ा में बड़ा हादसा: सरुट से पालमपुर जा रही HRTC बस में लगी भीषण आग
HRTC Bus Fire: हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सरुट से पालमपुर जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि पूरी बस धू-धू कर जल उठी। गनीमत यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
HRTC बस में लगी भयंकर आग सवारियों ने भाग कर बचाई जान#HRTCbus #Palampur #Fire #SarutPalampurroute #Passengers #Palampurdepot #Himachal pic.twitter.com/DGb46MY1Xx
— Himachal Abhi Abhi (@himachal_abhi) July 17, 2026
एचआरटीसी पालमपुर डिपो की बस सरुट से पालमपुर (वाया चौकी-परमारनगर) जा रही थी। कलूना गांव के समीप बस में आग लग गई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात ये रही कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित है। कोई हताहत नहीं है।
धुआं उठते ही चालक-परिचालक ने दिखाई मुस्तैदी
जानकारी के अनुसार, बस अपने निर्धारित रूट पर सवारियों को लेकर जा रही थी। जैसे ही बस कलूना गांव के पास पहुंची, अचानक उसमें से तेज धुआं निकलने लगा। खतरे को भांपते हुए चालक और परिचालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और बस को सड़क किनारे रोक दिया। चालक और परिचालक ने बिना वक्त गंवाए चिल्लाकर सभी यात्रियों को तुरंत बस से नीचे उतरने के लिए कहा। यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलते ही आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
पूरी तरह जलकर खाक हुई बस, जांच शुरू
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में करोड़ रुपये की सरकारी बस जलकर मलबे में तब्दील हो गई। हादसे में बस को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है।प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस हादसे में जहां बस पूरी तरह नष्ट हो गई है, वहीं समय रहते सही फैसला लेने के लिए चालक और परिचालक की हर तरफ सराहना की जा रही है।
रविंद्र चौधरी

