- Advertisement

रास्ते में पानी पीने के लिए रुके थे श्रद्धालु, तभी अचानक बरसी मौत, महिला की गई जान, सात घायल
Mandi Accident: मंडी जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जोगिंद्रनगर उपमंडल के गुम्मा क्षेत्र में मां सिमसा मंदिर दर्शन के लिए जा रहे एक श्रद्धालु परिवार पर पहाड़ी से अचानक बड़ी चट्टान गिर गई। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के सात अन्य लोग घायल हो गए।महिला की पहचान रामेश्वरी शर्मा पत्नी गोपालकृष्ण, निवासी सुल्तानपुर, कुल्लू के रूप में हुई है। 7 घायल श्रद्धालु नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में उपचार है।
पानी पीने के लिए रुके थे वाहन, तभी हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुल्लू के सुल्तानपुर का रहने वाला यह परिवार दो वाहनों में सवार होकर प्रसिद्ध मां सिमसा मंदिर में दर्शन के लिए निकला था। शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे गुम्मा के पास परिवार के सदस्यों ने पानी पीने के लिए गाड़ियाँ रोकीं।जैसे ही लोग वाहन से उतरकर पानी पीने लगे, तभी अचानक ऊपर पहाड़ी से एक भारी-भरकम चट्टान नीचे आ गिरी। जब तक लोग कुछ समझ पाते या भाग पाते, कई लोग उसकी चपेट में आ गए।
चीख-पुकार के बीच राहत एवं बचाव कार्य शुरू
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व प्रशासन को सूचित किया। हादसे में गंभीर रूप से घायल सभी सात लोगों को स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों की मदद से तुरंत नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर पहुंचाया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका रामेश्वरी शर्मा के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और क्षेत्र में भूस्खलन/चट्टान खिसकने की स्थिति की जांच कर रही है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को फौरी राहत प्रदान की जा रही है।
लक्की शर्मा

