- Advertisement

लाहुल-स्पीति में भीषण हादसा: उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर पहाड़ी दरकी, 10-12 यात्रियों से भरी टैक्सी दबी
Himachal Accident: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहुल-स्पीति से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। शुक्रवार को उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग पर कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी का एक विशाल हिस्सा भरभराकर गिर गया। इस भूस्खलन की चपेट में आकर कुल्लू से पांगी जा रही एक टैक्सी भारी मलबे के नीचे दब गई। टैक्सी में 8- 9 लोगों की जान जाने की आशंका है। घटना की सूचना मिलते ही तिंदी पुलिस, स्थानीय प्रशासन और आपदा राहत दल मौके के लिए रवाना हुए। फिलहाल मौके पर युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। एक घायल को अस्पताल पहुंचाया गया है।
सड़क खुलते ही रवाना हुए थे यात्री
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उदयपुर–किलाड़ मार्ग पर एक दिन पहले भी भारी भूस्खलन हुआ था, जिसके चलते यातायात पूरी तरह ठप था। सड़क बंद होने के कारण टैक्सी में सवार सभी यात्री रात भर तिंदी में रुके हुए थे।शुक्रवार को जैसे ही मार्ग को यातायात के लिए बहाल किया गया, टैक्सी पांगी के लिए रवाना हो गई। लेकिन जैसे ही वाहन कडू नाला के पास पहुंचा, अचानक ऊपर पहाड़ी दरक गई और भारी-भरकम मलबा व पत्थर सीधे गाड़ी पर आ गिरे, जिससे वाहन मलबे में समा गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी: 1 घायल अस्पताल पहुंचा
हादसे के तुरंत बाद प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से एक यात्री को घायल अवस्था में बाहर निकाल लिया है, जिसे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। मलबे के नीचे दबे अन्य यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है।
राहुल कुमार

