-
Advertisement
चंबा में दर्दनाक हादसा: बच्चे का इलाज कराने जा रहा पूरा परिवार खत्म, कार गहरी खाई में गिरने से 5 की मौ#त
Chamba Accident:चंबा जिले में सोमवार देर रात एक ऐसा हृदयविदारक हादसा हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया। पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाहाड़ गांव के समीप एक अनियंत्रित कार गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में एक ही परिवार के सभी पांच सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक वर्ष का मासूम बच्चा भी शामिल है।मिली जानकारी के अनुसार, चंबा जिले के गेहरा क्षेत्र का रहने वाला यह परिवार अपने एक साल के मासूम बच्चे का इलाज कराने के लिए पठानकोट की ओर जा रहा था। कार में बच्चे के अलावा उसके माता-पिता और दादा-दादी सवार थे। इलाज की उम्मीद में रात के अंधेरे में निकला यह परिवार कभी अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सका और रास्ते में ही काल का ग्रास बन गया।
खराब मौसम और भूस्खलन ने बढ़ाईं राहत कार्य में मुश्किलें
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना हुईं। हालांकि, इलाके में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भारी बाधा आई। बनीखेत में पेट्रोल पंप के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह से बंद होने के कारण रेस्क्यू टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद टीम मौके पर पहुंची और शवों को खाई से बाहर निकाला।
एसपी ने की पुष्टि, जांच शुरू
घटना की पुष्टि करते हुए चंबा के SP विजय कुमार सकलानी ने बताया, “लाहाड़ क्षेत्र में एक कार दुर्घटनाग्रस्त हुई है, जिसमें पांच लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया है। शवों को कब्जे में लेकर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
राहुल कुमार

