- Advertisement

धर्मशाला में बड़ा हादसा: चरान खड्ड मार्ग पर लैंडस्लाइड की चपेट में आई बाइक, दो युवक गंभीर रूप से घायल
Dharamshala Accident: धर्मशाला के चरान खड्ड मार्ग पर शनिवार को एक खौफनाक हादसा पेश आया, जहाँ अचानक हुए भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की चपेट में एक चलती मोटरसाइकिल आ गई। पहाड़ी से गिरे मलबे और भारी पत्थरों की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर चरान खड्ड के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक भारी पत्थर और मलबा भरभराकर सड़क पर आ गिरा। पत्थरों की सीधी टक्कर लगने से मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई। हादसा इतनी तेजी से हुआ कि युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और दोनों मलबे तथा पत्थरों के नीचे फंस गए।
राहगीरों ने की मदद, एक घायल टांडा रेफर
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे को हटाया और दोनों घायलों को बाहर निकालकर क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया। हादसे में घायल ललित शर्मा निवासी नादौन की स्थिति नाजुक बनी हुई थी। क्षेत्रीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने इन्हें बेहतर इलाज के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज, टांडा रेफर कर दिया है। जबकि हरि प्रसाद निवासी कंडी का इलाज फिलहाल क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में ही चल रहा है, जहाँ डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
PWD और प्रशासन की लापरवाही पर स्थानीय लोगों में भारी रोष
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया है। चरान खड्ड मार्ग पर पिछले कई वर्षों से लगातार भूस्खलन की घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग (PWD) और स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए हैं। बार-बार चेतावनी देने के बाद भी इस संवेदनशील मार्ग पर ध्यान न देना सीधे तौर पर लोगों की जान से खिलवाड़ है।”
राहुल कुमार
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
