- Advertisement

ऊना में उफान पर पंडोगा खड्ड, पानी के तेज बहाव में 100 मीटर तक बही कार, दो युवक थे सवार
Himachal News: ऊना जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नदियां और खड्डें उफान पर हैं। इसी बीच हरोली उपमंडल की पंडोगा खड्ड में बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब पानी के प्रचंड बहाव में एक कार बह गई। गनीमत यह रही कि कार सवार दोनों युवकों ने ऐन वक्त पर छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली।जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार तड़के करीब 5:30 बजे की है। चंबा जिले के डलहौजी निवासी रोहित कुमार अपने कांगड़ा (पालमपुर) निवासी साथी के साथ कार में सवार होकर पंडोगा खड्ड पर बने कॉजवे (कॉज-वे) को पार कर रहे थे। क्षेत्र में रात भर हुई बारिश के कारण खड्ड का जलस्तर अचानक बढ़ चुका था और पानी का बहाव बेहद तेज था।
कॉजवे के बीच पहुंचते ही उफान में फंस गई कार
चालक पानी के तेज वेग का सही अंदाजा नहीं लगा पाया और कार कॉजवे के बीच पहुंचते ही उफान में फंस गई। जब तक रोहित कार को पीछे मोड़ने का प्रयास करते, तब तक पानी का तेज थपेड़ा गाड़ी को बहाकर ले जाने लगा। देखते ही देखते कार लगभग 100 मीटर तक बह गई। स्थिति को भांपते हुए दोनों युवकों ने सूझबूझ दिखाई और बहती कार का दरवाजा खोलकर खड्ड में छलांग लगा दी। पानी से बाहर निकलकर दोनों ने राहत की सांस ली।घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर की मदद से खड्ड में बह गई कार को बाहर निकाला।
प्रशासन की चेतावनी
जिले में लगातार जारी बारिश को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों और उफान पर आई खड्डों के पास जाने से बचें। विशेष रूप से कॉजवे पार करते समय पानी के बहाव का जोखिम न उठाएं और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।
सुनैना
