- Advertisement

हिमाचल के छात्रों को बड़ी राहत: HPBOSE तैयार कर रहा NEET-JEE का स्पेशल प्रश्न बैंक
HPBOSE : हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। अब विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ NEET और JEE जैसी कठिन राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अलग से भटकना नहीं पड़ेगा। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) छात्रों के सुनहरे भविष्य को ध्यान में रखते हुए एक ऐतिहासिक पहल करने जा रहा है। बोर्ड द्वारा इन प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक ‘विशेष प्रश्न बैंक’ तैयार किया जा रहा है, ताकि स्कूली शिक्षा के साथ ही छात्रों को व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण अभ्यास सामग्री मिल सके। इस योजना पर प्रक्रिया तेजी से चल रही है।
कठिन प्रश्न-पद्धति को समझने में आसानी होगी
इस प्रस्तावित प्रश्न बैंक का मुख्य उद्देश्य रटने की बजाय विद्यार्थियों की विषयगत और अवधारणात्मक (कांसेप्चुअल) समझ को मजबूत करना है। विशेषज्ञों द्वारा तैयार किए जा रहे इस बैंक में विशेष रूप से ऐसे प्रश्नों को शामिल किया जाएगा जो छात्रों की तार्किक क्षमता (लॉजिकल रीजनिंग) और समस्या-समाधान (प्रॉब्लम-सॉल्विंग) कौशल को निखारेंगे। बोर्ड का मानना है कि नियमित अभ्यास से छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की कठिन प्रश्न-पद्धति को समझने में आसानी होगी।
बोर्ड परीक्षाओं तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं
इस अहम योजना को लेकर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि आज के इस भारी प्रतिस्पर्धा वाले दौर में विद्यार्थियों की तैयारी को केवल बोर्ड परीक्षाओं तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि हिमाचल के विद्यार्थियों को NEET, JEE और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बोर्ड स्तर पर ही उच्च गुणवत्ता वाली अध्ययन सामग्री और अभ्यास के अवसर उपलब्ध करवाए जाएं। यह विशेष प्रश्न बैंक छात्रों की मूल अवधारणाओं को मजबूत करने के साथ उन्हें अपेक्षित स्तर से परिचित करवाने में अत्यधिक सहायक होगा।”
राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएं
बोर्ड की यह पहल विशेष रूप से प्रदेश के ग्रामीण, दूरदराज और सीमावर्ती क्षेत्रों में पढ़ने वाले उन छात्रों के लिए अत्यधिक उपयोगी साबित होगी, जो संसाधनों के अभाव में अक्सर पीछे रह जाते हैं। डॉ. शर्मा ने जोर देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाना है। वर्तमान में इस प्रश्न बैंक की विषय-वस्तु, प्रश्नों की गुणवत्ता और उसकी संरचना पर विशेषज्ञ स्तर पर कार्य किया जा रहा है। इसके पूर्ण होते ही बोर्ड द्वारा छात्रों के लिए इसे उपलब्ध करवाने की विस्तृत जानकारी साझा कर दी जाएगी। HPBOSE का लक्ष्य है कि प्रदेश के युवा मजबूत नींव और पूरे आत्मविश्वास के साथ राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएं।
अमित महाजन
