-
Advertisement
चंबा में हैवान बना पिता! 6 साल के मासूम को रावी नदी में फेंका,, पुलिस चौकी पहुंच खुद कबूला गुनाह
Chamba News: चंबा जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपने ही 6 वर्षीय मासूम बेटे को उफनती रावी नदी में धक्का दे दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता ने खुद पुलिस चौकी पहुँचकर अपना गुनाह कबूल किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और मासूम की तलाश में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
खुद थाने पहुंचकर कहा- ‘मैंने बेटे को नदी में फेंक दिया’
जानकारी के अनुसार, घटना चंबा-पठानकोट मार्ग पर स्थित परेल पुल की है। आरोपी पिता अपने 6 साल के बच्चे को परेल पुल पर ले गया और वहाँ से उसे सीधे रावी नदी में धक्का दे दिया। इसके बाद वह सुल्तानपुर पुलिस चौकी पहुंचा। वहाँ पुलिसकर्मियों के सामने उसने कहा, “मैंने अपने बेटे को रावी नदी में फेंक दिया है।” आरोपी के मुंह से यह सुनते ही पुलिसकर्मी सन्न रह गए और तुरंत उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
ASP की अगुवाई में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी (ASP) चंबा दिनेश शर्मा की अगुवाई में पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। पुलिसकर्मियों के साथ स्थानीय लोग भी रावी नदी के किनारे-किनारे मासूम बच्चे की तलाश में जुटे हुए हैं। हालांकि, नदी के तेज बहाव और दुर्गम इलाके के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत पेश आ रही है। है। खबर लिखे जाने तक बच्चे का कोई सुराग नहीं लग पाया था।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी दिनेश शर्मा और उनकी टीम आसपास के लोगों व प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी (SP) चंबा विजय सकलानी ने बताया कि बच्चे की तलाश के लिए रावी नदी के संभावित स्थानों पर खोजबीन जारी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
