-
Advertisement
ऊना-धर्मशाला एनएच पर कार – पिकअप की भीषण टक्कर,कटर की मदद से काटकर निकाला एक व्यक्ति
Himachal Accident: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंब उपमंडल के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग ऊना-धर्मशाला पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। दिलवां पंचायत के पास एक कार और पिकअप वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार एक व्यक्ति अंदर ही फंस गया, जिसे कटर की मदद से कार को काटकर बाहर निकालना पड़ा।
चिंतपूर्णी दर्शन कर नयनादेवी जा रहे थे श्रद्धालु
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में सवार लोग पंजाब के अमृतसर के रहने वाले हैं। वे माता चिंतपूर्णी के दर्शन करने के बाद नयनादेवी मंदिर की ओर जा रहे थे। वहीं, कार सवार लोग अंब रेलवे स्टेशन के समीप के रहने वाले बताए जा रहे हैं और वे अंब की तरफ जा रहे थे।
अनियंत्रित होकर दूसरी दिशा में घुसी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिलवां के पास कार चालक ने अचानक अपने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा में चली गई और सामने से आ रही पिकअप से टकरा गई। टक्कर होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
स्थानीय लोगों ने कटर से काटकर निकाला घायल
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत व बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहनों से बाहर निकाला। कार में फंसे एक व्यक्ति को बाहर निकालने के लिए कटर का सहारा लेना पड़ा।सभी 5 घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और सड़क से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू करवाया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
सुनैना जसवाल
