-
Advertisement
पारिवारिक विवाद में खू#नी खेल: रोहड़ू में पति ने पत्नी पर चाकू से किया ह#मला, फिर खुद को भी मारा; इलाज के दौरान पति की मौ#त
Himachal Crime: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले स्थित रोहड़ू के अप्पर बाजार में पारिवारिक अंतर्कलह ने खौफनाक रूप ले लिया। एक व्यक्ति ने गृहकलेश के चलते अपनी पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया और उसके बाद खुद को भी चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर लिया। दोनों को गंभीर हालत में आईजीएमसी (IGMC) शिमला रेफर किया गया, जहां 11 सितंबर की सुबह इलाज के दौरान पति की मौत हो गई। वहीं, पत्नी की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
शौचालय के अंदर खून से लथपथ मिले पति-पत्नी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 10 सितंबर की दोपहर की है। दोपहर करीब 1:20 बजे सीडीपीओ कार्यालय रोहड़ू से सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत अप्पर बाजार स्थित घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर पुलिस ने आरोपी बीरबल और उसकी पत्नी रचना को शौचालय के अंदर चाकू के घावों के साथ खून से लथपथ अवस्था में पाया।पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पारिवारिक विवाद के कारण बीरबल ने पहले अपनी पत्नी रचना पर चाकू से वार किया और फिर उसी चाकू से स्वयं को भी घायल कर लिया।
अस्पताल में पति ने तोड़ा दम, पत्नी की हालत गंभीर
घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नागरिक अस्पताल रोहड़ू ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) शिमला रेफर कर दिया गया। 11 सितंबर की सुबह इलाज के दौरान आरोपी पति बीरबल ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है, जबकि पत्नी रचना का आईजीएमसी में इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने BNS की धारा 109 के तहत दर्ज किया मामला
मामले की शिकायत पीड़ित रचना की बहन निर्मला (जो आरोपी बीरबल की साली है) ने दर्ज कराई है। निर्मला के बयानों के आधार पर रोहड़ू पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।मामले की पुष्टि करते हुए शिमला के SP गौरव सिंह ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस गहनता से जांच कर रही है। जांच के दौरान जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अनु गुप्ता
