-
Advertisement
चूड़धार में रास्ता भटके पंजाब और हरियाणा के श्रद्धालु, शिमला पुलिस ने चलाया नाइट रेस्क्यू ऑपरेशन,सुरक्षित बचाया
Shimla Police’s Rescue Operation: चूड़धार यात्रा से लौटते समय शिमला जिले के दुर्गम जंगलों में रास्ता भटके चार श्रद्धालुओं के लिए पुलिस की मुस्तैदी देवदूत बनकर आई। आधी रात को चलाए गए इस चुनौतीपूर्ण सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस जवानों ने न सिर्फ चारों लोगों की जान बचाई, बल्कि उनकी सुरक्षित वापसी भी सुनिश्चित की।
कंट्रोल रूम 112 से मिली सूचना
घटना 13 सितंबर की रात की है। शिमला के 112 कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि चूड़धार के दुर्गम और घने जंगलों में कुछ श्रद्धालु रास्ता भटक गए हैं। अंधेरा अधिक होने के कारण श्रद्धालु अपनी सटीक लोकेशन नहीं बता पा रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस थाना चौपाल की टीम हरकत में आई और बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
अंधेरे और विकट परिस्थितियों में खोजबीन
चूड़धार का इलाका अपने बेहद कठिन भूगोल और घने जंगलों के लिए जाना जाता है। रात के अंधेरे में वहां अभियान चलाना जोखिम भरा था, लेकिन पुलिस जवानों ने अपनी परवाह न करते हुए घने जंगलों में तलाश जारी रखी।
पताल खड्ड से पंजाब के दो युवक रेस्क्यू
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने आधी रात को पताल खड्ड के समीप जंगल से दो युवकों को सुरक्षित ढूंढ निकाला। रेस्क्यू किए गए युवकों की पहचान मोहाली (पंजाब) निवासी राहुल (22) और साकेत (21) के रूप में हुई।
हरियाणा के दंपति को भी पुलिस ने खोज निकाला
इसी अभियान के दौरान पुलिस को दो अन्य श्रद्धालुओं के रास्ता भटकने की खबर मिली, जिनमें एक दंपति शामिल था। पुलिस टीम ने तुरंत दूसरे सर्च ऑपरेशन को भी जोड़ा और निरंतर प्रयास के बाद करनाल (हरियाणा) निवासी राहुल (26) और उनकी पत्नी मधु (24) को भी घने जंगल से सुरक्षित तलाश लिया।पुलिस की टीम ने चारों श्रद्धालुओं को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और उनके रात के ठहराव का इंतजाम किया। रातभर चले इस जटिल अभियान में शिमला पुलिस की तत्परता, अदम्य साहस और मानवीय संवेदनशीलता की चारों ओर सराहना हो रही है।
अनु गुप्ता
