-
Advertisement
डी.एल.एड. परीक्षार्थियों के लिए बड़ी खबर: HPBOSE ने जारी किया शेड्यूल, 5 अक्तूबर से एग्जाम
HPBOSE: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शिक्षक बनने की राह पर चल रहे युवाओं के लिए डी.एल.एड. (D.El.Ed.) परीक्षाओं का बिगुल फूंक दिया है। बोर्ड ने प्रथम एवं द्वितीय वर्ष की नियमित (रेगुलर), री-अपीयर, फेल और पूर्ण विषयों की परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि यह परीक्षाएं 5 अक्तूबर 2026 से शुरू होकर 3 नवंबर 2026 तक प्रदेश भर के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (DIET) और निजी प्रशिक्षण केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी। परीक्षार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पूरी डेटशीट देख सकते हैं।
तारीख और समय का पूरा खाका
बोर्ड द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, डी.एल.एड. प्रथम वर्ष (बैच 2025-27 की नियमित और बैच 2024-26 की री-अपीयर/फेल/पूर्ण विषय) की परीक्षाएं 5 अक्तूबर 2026 से 17 अक्तूबर 2026 के बीच होंगी। वहीं, डी.एल.एड. द्वितीय वर्ष (बैच 2024-26 की नियमित और बैच 2023-25 की री-अपीयर/फेल/पूर्ण विषय) की परीक्षाएं 21 अक्तूबर 2026 से 3 नवंबर 2026 तक चलेंगी। दोनों ही वर्षों की परीक्षाओं के लिए सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
तैयारी के लिए मिला पर्याप्त समय, केंद्रों को सख्त निर्देश
परीक्षा कार्यक्रम को समय रहते जारी करने को लेकर बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने स्पष्ट किया कि इसका मुख्य उद्देश्य अभ्यर्थियों को अपनी तैयारियों के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, समयबद्धता और छात्रों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। इसके साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षाओं के सुचारू और नकल-रहित संचालन के लिए समय रहते अपनी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर लें।
परीक्षा से आधा घंटा पहले पहुंचना होगा केंद्र
बोर्ड ने परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम आधा घंटा पहले अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर अपनी उपस्थिति दर्ज करवानी होगी। डॉ. शर्मा ने सभी परीक्षार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए आह्वान किया है कि वे पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में बैठें और डेटशीट के अनुसार योजनाबद्ध तरीके से अपनी तैयारी पूरी करें।परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से जुड़ी किसी भी नवीनतम जानकारी या बदलाव के लिए नियमित रूप से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन करते रहें।
अमित महाजन
