-
Advertisement
Asian Games-2026 :भारत को पहला गोल्ड मेडल, महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को रौंदकर रचा इतिहास
Asian Games2026: एशियन गेम्स-2026 में भारत के हिस्से पहला गोल्ड मेडल आया है। ये गोल्ड मेडल दिया है भारत की बेटियों ने …. भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स में अपना दबदबा बरकरार रखते हुए लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल पर कब्जा जमा लिया है। खिताबी मुकाबले में भारत ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 147 रन के विशाल अंतर से शिकस्त दी। इससे पहले भारतीय टीम ने 2022 एशियन गेम्स में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
भारत ने बनाया एशियन गेम्स का अपना सबसे बड़ा स्कोर
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 216 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह एशियन गेम्स के इतिहास में भारतीय महिला टीम का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 79 रनों की पारी खेली। वहीं, शेफाली वर्मा ने 48 रन बनाए। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 99 रनों की मजबूत साझेदारी कर टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई। अंत में ऋचा घोष ने ताबड़तोड़ अंदाज में नाबाद 49 रन बनाकर टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। श्रीलंका की तरफ से सुगंधिका कुमारी, कविशा दिलहारी और चामुडी प्रभोदा ने 1-1 विकेट चटकाया।
69 रन पर सिमटी श्रीलंकाई टीम
217 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी श्रीलंकाई टीम 15.4 ओवर में महज 69 रनों पर ऑलआउट हो गई। भारतीय गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के आगे श्रीलंका का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका और भारत ने 147 रनों की ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11:
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जी. कमालिनी, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, क्रांति गौड़, एन. श्री चरणी, नंदनी शर्मा।
श्रीलंका: इमेशा दुलानी, चमारी अट्टापट्टू (कप्तान), हसीनी परेरा, कविशा दिलहारी, हर्षिता समरविक्रमा, हंसिमा करुणारत्ने, कौशिनी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), काव्या काविंदी, मिथाली अयोध्या, चामुडी प्रभोदा, सुगंधिका कुमारी।
पंकज शर्मा
