-
Advertisement
शिमला में HRTC बस और कार की जोरदार भिड़ंत, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौ#त; एक गंभीर
Himachal Accident: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के समीप घंडल में नेशनल हाईवे-205 पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक इलेक्ट्रिक बस और कार के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं, जो एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।
बागीपुल से शिमला आ रही थी बस
जानकारी के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब 1:00 बजे हुआ। HRTC की इलेक्ट्रिक बस बागीपुल से शिमला की ओर आ रही थी। जैसे ही बस घंडल के पास पहुँची, सामने से आ रही कार से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए।
अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने 3 को किया मृत घोषित
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को कार से निकालकर इलाज के लिए तुरंत इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) शिमला पहुँचाया। हालाँकि, अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल चौथे व्यक्ति का IGMC में उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतकों की पहचान
हादसे में दयानन्द (57), पुत्र ठाकरू राम ,हेमलता (52), पत्नी दयानन्द व विद्यादेवी (75), पत्नी ठाकरू राम की मौत हो गई। जान गंवाने वाले तीनों लोग सोलन जिले के अर्की तहसील के फान्जी गांव के रहने वाले थे।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर घटनास्थल का जायजा लिया और यातायात को सुचारू करवाया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
संजू चौधरी
