-
Advertisement
Birthday स्पेशल गोल्ड- लवलीना ने रचा इतिहास , मेडल टैली में छठे स्थान पर पहुंचा भारत
Asian Games 2026: जापान के नागोया में चल रहे एशियन गेम्स के 13वें दिन भारतीय एथलीटों का दबदबा देखने को मिला। स्टार मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन और भारत की महिला रिकर्व आर्चरी टीम के ऐतिहासिक प्रदर्शन की बदौलत भारत की झोली में दो नए गोल्ड मेडल आए। इसके साथ ही भारत 12 गोल्ड समेत कुल 70 मेडल जीतकर मेडल टैली में छठे स्थान पर पहुंच गया है।
जन्मदिन पर लवलीना का ‘गोल्डन’ धमाका
भारत की स्टार मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने अपने जन्मदिन के खास मौके पर इतिहास रचते हुए एशियन गेम्स में अपने करियर का पहला गोल्ड मेडल जीता। महिलाओं की 75 किलोग्राम वेट कैटेगरी के फाइनल मुकाबले में लवलीना ने चीन की बाओ जियी को 5-0 से करारी शिकस्त दी। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही लवलीना एशियन गेम्स में बॉक्सिंग का गोल्ड मेडल जीतने वाली भारत की दूसरी महिला मुक्केबाज बन गई हैं। उनसे पहले केवल मैरी कॉम ने 2014 में यह उपलब्धि हासिल की थी। हांगझोउ एशियन गेम्स के फाइनल में सिल्वर मेडल से संतोष करने वाली लवलीना ने इस बार पूरे अनुभव और सटीक रणनीति का परिचय दिया। उन्होंने विरोधियों के आक्रामक हमलों से बचते हुए जवाबी पंचों से अंक जुटाए और चैंपियन बनीं।
महिला आर्चरी टीम ने साउथ कोरिया का वर्चस्व तोड़ा
तीरंदाजी में भारतीय महिला रिकर्व टीम ने इतिहास रचते हुए पहली बार एशियन गेम्स की रिकर्व कैटेगरी का गोल्ड मेडल अपने नाम किया। अंकिता भगत, कीर्ति और कुमकुम की भारतीय तिकड़ी ने फाइनल में 10 बार की ओलंपिक चैंपियन साउथ कोरिया को 5-3 से हराकर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया।
कुश्ती और बॉक्सिंग में मेडल की अन्य उम्मीदें
बॉक्सिंग: भारत के लिए बॉक्सिंग में अभी दो और गोल्ड मेडल मुकाबले बाकी हैं। भारतीय मुक्केबाज अंकुश और परवीन दोपहर 2 बजे के बाद अपने-अपने फाइनल मुकाबलों में उतरेंगे।
रेसलिंग (कुश्ती): महिलाओं के 50 किग्रा वर्ग के रेपेचेज मुकाबले में भारत की दीपांशी ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कंबोडिया की डिट सैम्नांग को टेक्निकल सुपीरियोरिटी के आधार पर 10-0 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल मैच में प्रवेश कर लिया है। अब ब्रॉन्ज मेडल के लिए उनका मुकाबला कजाकिस्तान की जेनैप बायानोवा से भारतीय समयानुसार शाम करीब 3:58 बजे होगा।
पंकज शर्मा
