-
Advertisement
हिमाचल में लॉन्ग वीकेंड का ‘धमाका’: शिमला और मनाली में उमड़ा सैलानियों का सैलाब
Himachal Tourist : मानसून की विदाई के बाद हिमाचल प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल एक बार फिर पर्यटकों से गुलजार हो उठे हैं। सरकारी छुट्टी और लॉन्ग वीकेंड का फायदा उठाने के लिए देश भर से हजारों सैलानी हिमाचल का रुख कर रहे हैं। हालांकि, पर्यटकों की इस अचानक बढ़ी आमद की वजह से शिमला और मनाली की प्रमुख सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई है, जिससे सैलानियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मनाली में अटल टनल से मॉल रोड तक रेंगती दिखीं गाड़ियां
शुक्रवार से ही मनाली के प्रवेश द्वार से लेकर मॉल रोड, सोलांग नाला और अटल टनल रोहतांग को जाने वाले मार्गों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। सोशल मीडिया पर भी मनाली के ट्रैफिक जाम के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। महज कुछ ही किलोमीटर का सफर तय करने में पर्यटकों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ रहा है।
शिमला में पार्किंग्स हाउसफुल, 3 KM का सफर तय करने में लग रहा 1 घंटा
उधर, शिमला का हाल भी कुछ अलग नहीं है। शनिवार को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ से बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे हैं। शोघी और तारादेवी से शिमला शहर तक वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। शहर की सभी प्रमुख पार्किंग्स पूरी तरह फुल हो चुकी हैं, जिससे सैलानी सड़कों पर गाड़ियां पार्क करने के लिए जगह तलाशते नजर आ रहे हैं। शिमला में आलम यह है कि 3 किलोमीटर की दूरी तय करने में गाड़ियों को एक-एक घंटे का समय लग रहा है।
24 घंटे में शिमला पहुंचीं 17 हजार से ज्यादा गाड़ियां: पुलिस
शिमला के डीएसपी (ट्रैफिक) चंद्र शेखर ने बताया कि शहर में हर हफ्ते औसतन 80 हजार से अधिक वाहनों की आवाजाही होती है। बीते 24 घंटे के भीतर ही शिमला में 17 हजार से ज्यादा गाड़ियां दाखिल हुई हैं, जिनमें से 7 हजार से अधिक गाड़ियां बाहरी राज्यों के पर्यटकों की हैं। उन्होंने बताया कि वीकेंड पर वाहनों की संख्या और बढ़ने की संभावना को देखते हुए सड़कों पर अतिरिक्त पुलिस जवान तैनात किए गए हैं ताकि ट्रैफिक को सुचारू रखा जा सके।
मौसम सुहावना, पर जाम ने बिगाड़ा मजा
मैदानी इलाकों में जारी गर्मी के बीच शिमला पहुंचे सैलानी यहां के सुहावने मौसम का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। हालांकि, पर्यटकों का कहना है कि सुहावने मौसम के बीच जगह-जगह लग रहे जाम और पार्किंग न मिलने की समस्या से उनकी छुट्टियों का मजा थोड़ा किरकिरा जरूर हो रहा है।
पर्यटन कारोबारियों के खिले चेहरे
दूसरी ओर, पिछले कुछ समय से मंदी की मार झेल रहे हिमाचल के पर्यटन कारोबारियों के लिए यह लॉन्ग वीकेंड बड़ी राहत लेकर आया है। शिमला और मनाली के ज्यादातर होटल, होमस्टे और रिजॉर्ट पूरी तरह से पैक (फुल) चल रहे हैं। पर्यटकों की इस रिकॉर्ड आवाजाही से होटल मालिकों, टैक्सी ऑपरेटरों और स्थानीय दुकानदारों के चेहरे खिल गए हैं।
संजू, तुलसी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
