-
Advertisement
HRTC चक्का जाम अलर्ट: 8 को चंबा, 9 अक्टूबर से पूरे हिमाचल में थमेंगे बसों के पहिए
HRTC Driver-Conductor Union protest: हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) में चालक-परिचालकों ने चंबा डिपो में तैनात एक सेक्शन ऑफिसर और प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शिमला में आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान चालक-परिचालक यूनियन ने सेक्शन ऑफिसर पर लगातार वित्तीय अनियमितताएं बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं। यूनियन ने स्पष्ट किया है कि यदि 24 घंटे के भीतर दोषी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो 8 अक्टूबर को चंबा और 9 अक्टूबर से पूरे हिमाचल प्रदेश में HRTC बसों के पहिए पूरी तरह थमा दिए जाएंगे।
चंबा के सेक्शन ऑफिसर पर लगाए आरोप
यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि चंबा के सेक्शन ऑफिसर लगातार वित्तीय गड़बड़ियां कर रहे हैं, लेकिन इसका खामियाजा निर्दोष कंडक्टरों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 20 दिन से अधिक का समय बीत जाने के बावजूद प्रबंधन संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई करने के बजाय उनका बचाव कर रहा है। चालकों और परिचालकों को बेवजह मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है, जिसे अब किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।
3 महीने से काटा जा रहा जीपीएफ, खातों में नहीं हो रहा जमा
प्रदर्शन के दौरान यूनियन ने एक और बड़ा खुलासा करते हुए प्रबंधन पर चालकों और परिचालकों के हक पर डाका डालने का आरोप लगाया। मान सिंह ठाकुर ने कहा कि पिछले 3 महीनों से कर्मचारियों के वेतन से जीपीएफ (GPF) की कटौती तो नियमित रूप से की जा रही है, लेकिन यह राशि उनके खातों में जमा नहीं हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन ने जल्द कर्मचारियों के जीपीएफ खातों का बकाया जमा नहीं कराया, तो वे राज्यव्यापी स्तर पर उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
