-
Advertisement
हिमाचल में महिलाओं के नाम रजिस्ट्री पर मिलेगी छूट, देवताओं का नजराना 5% और बजंतरियों का भत्ता 10% बढ़ा
International Kullu Dussehra:अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरे के समापन समारोह के अवसर पर पहुंचे सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जनसभा को संबोधित करते हुए कुल्लू जिले तथा पूरे प्रदेश के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। सीएम ने प्रशासनिक सुधारों, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, महिला सशक्तिकरण और देव-संस्कृति से जुड़ी प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी।
महिला सशक्तिकरण और भूमि रजिस्ट्री में छूट
सीएम सुक्खू ने घोषणा की कि हिमाचल प्रदेश में महिलाओं के नाम पर जमीन की खरीदारी करने पर लगने वाली रजिस्ट्री फीस को घटाकर 4 फीसदी किया जाएगा, जबकि पुरुषों के लिए यह दर 8 फीसदी ही रहेगी। उन्होंने कहा कि इसकी आधिकारिक अधिसूचना जल्द ही जारी कर दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, कुल्लू कार्निवाल में भाग लेने वाले प्रत्येक महिला मंडल को 35-35 हजार रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया गया।
देव-संस्कृति और लोक कलाकारों को प्रोत्साहन
कुल्लू की देव-संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करते हुए सीएम सुक्खू ने देवी-देवताओं के नजराने में 5 फीसदी व बजंतरियों के नजराने में 10 फीसदी वृद्धि का साथ देवताओं के मुख्य गूर को प्रति व्यक्ति 11,100 रुपये देने का भी ऐलान किया।
किसानों को राहत: कृषकों व बागवानों को आर्थिक मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से सरकार ने अदरक का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 40 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित करने की घोषणा की
इंफ्रास्ट्रक्चर और स्वास्थ्य-शिक्षा के लिए वित्तीय आबंटन
कुल्लू जिले में सड़क, सीवरेज, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए कई विकास योजनाओं का ऐलान किया गया। भुंतर से कुल्लू तक सीवरेज नेटवर्क विकसित करने के लिए 22 करोड़ रुपये, मणिकर्ण सड़क की टायरिंग के लिए 5 करोड़ रुपये तथा कुल्लू-मनाली वामतट (Left Bank Road) की बेहतरी व टायरिंग के लिए 5 करोड़ रुपये दिए। भुंतर में बिजली बोर्ड का नया सब-डिविजन (Sub-Division) खोलने की भी सीएम ने घोषणा की। बंजार अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू करने का आश्वासन और बजौरा स्कूल में साइंस लैब और रिटेनिंग वॉल के निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये की राशि दीने का ऐलान किया। सीएम सुक्खू ने कहा कि सरकार द्वारा उठाए गए सख्त वित्तीय कदमों और पारदर्शी नीतियों से राज्य की आय में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिसका सीधा लाभ आम जनता, किसानों, कर्मचारियों और आपदा प्रभावितों तक पहुंच रहा है।
तुलसी बाबा
