-
Advertisement
ऊना में दिवाली की रात खू#नी संघर्ष: थार से दंपत्ति को कुचला, दोनों की मौ#त; अस्पताल में भारी हंगामा
Una Double Murder: दिवाली की खुशियों के बीच ऊना जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर बदोली गांव में पटाखे जलाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने गुस्से में आकर अपनी थार गाड़ी से पटाखे जला रहे परिवार को बेरहमी से कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल पति-पत्नी की मौत हो गई है।
पटाखे जलाने पर हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिवाली की रात बदोली गांव में एक परिवार अपने घर के बाहर पटाखे जला रहा था। इसी दौरान पड़ोसी युवक वहां पहुंचा और पटाखे जलाने का विरोध करने लगा। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और बहस बढ़ गई। तैश में आकर आरोपी ने अपनी महिंद्रा थार गाड़ी निकाली और पटाखे जला रहे परिवार पर गाड़ी चढ़ा दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आरोपी वाहन समेत मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा।
अस्पताल में पति-पत्नी घोषित मृत
घायल पति और पत्नी को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल (जोनल हॉस्पिटल) ऊना पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वारदात के बाद हुए संघर्ष में आरोपी के साथ भी मारपीट की बात सामने आ रही है। गंभीर चोटें आने के कारण आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई (PGI) रेफर कर दिया गया है।
जोनल अस्पताल में देर रात हंगामा, पुलिस बल तैनात
दंपत्ति की मौत की खबर मिलते ही देर रात ऊना के जोनल अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। अस्पताल में माहौल तनावपूर्ण हो गया और जमकर हंगामा हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है, जहां आज उनका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। घटना के बाद से गांव और आसपास के इलाके में भारी तनाव बना हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस की तरफ से जल्द ही इस घटना पर आधिकारिक बयान जारी होने की उम्मीद है।
सुनैना जसवाल
