-
Advertisement
पालमपुर में इलेक्ट्रॉनिक दीये से पीवीसी दीवार ने पकड़ी आग, पूरा ड्राइंग रूम जलकर राख
Himachal News: दीपावली के त्योहार के बीच पालमपुर शहर में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नगर निगम के वार्ड नंबर तीन में पुलिस स्टेशन के समीप एक मकान में इलेक्ट्रॉनिक दीयों के कारण भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन ड्राइंग रूम समेत मकान की पहली मंजिल को भारी नुकसान पहुँचा है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8:15 बजे वार्ड नंबर तीन निवासी धीरज खन्ना के मकान की पहली मंजिल पर अचानक आग भड़क उठी। हाल ही में एक महीना पहले तैयार करवाए गए ड्राइंग रूम में 3D PVC दीवार पर इलेक्ट्रॉनिक दीये जलाए गए थे। शार्ट सर्किट या ओवरहीटिंग के कारण दीयों से आग पीवीसी दीवार और छत के पीवीसी पैनल तक पहुँच गई। देखते ही देखते लपटों ने सोफे, टेबल और साथ लगते अन्य कमरों को अपनी चपेट में ले लिया। धुआं उठते ही उन्होंने तुरंत परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाला और आसपास के लोगों को सूचित किया।
दमकल विभाग ने 1 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
रात करीब 8:40 बजे अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। लीडिंग फायरमैन उमेश कुमार के नेतृत्व में फायर फाइटर्स की टीम तुरंत फायर वाहन के साथ मौके पर पहुँची। स्थानीय निवासियों और पास ही स्थित पुलिस थाने से आए पुलिसकर्मियों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पालमपुर अग्निशमन केंद्र के अधिकारी सुरिंद्र कुमार ने बताया कि त्वरित कार्रवाई के चलते करीब 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि हादसे में लगभग 15 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
रविंद्र चौधरी
