-
Advertisement
दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी से चलेंगी 132 स्पेशल बसें; दिवाली की शाम थमेंगे लोकल रूट,, पुलिस-फायर ब्रिगेड हाई अलर्ट पर
Himachal News: दिवाली के पावन पर्व पर अपने घर लौटने वाले यात्रियों की सहूलियत के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने कमर कस ली है।आज दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी से हिमाचल के विभिन्न इलाकों के लिए 132 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इनमें दिल्ली से 49, चंडीगढ़ से 63 और बद्दी से 20 बसें शामिल हैं। इससे पहले 6 नवंबर को भी इन तीनों प्रमुख स्थानों से 134 स्पेशल बसें संचालित की जा चुकी हैं (दिल्ली से 42, चंडीगढ़ से 69 और बद्दी से 23)। एचआरटीसी प्रबंधन के अनुसार, नियमित रूटों के अलावा ऑन-डिमांड बसों की भी व्यवस्था की गई है। यदि किसी भी स्थान पर 35 से अधिक यात्री उपलब्ध होते हैं, तो निगम तुरंत वहां अतिरिक्त बस की व्यवस्था करेगा।
दिवाली की शाम से लोकल बसें रहेंगी बंद
त्योहार के दिन 8 नवंबर शाम 5:00 बजे से 9 नवंबर सुबह 8:00 बजे तक एचआरटीसी की सभी स्थानीय बस सेवाएं बंद रहेंगी।हालांकि, दूर-दराज और लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए 8 नवंबर की शाम 5:00 बजे के बाद भी दिल्ली से शिमला, धर्मशाला, कुल्लू, मंडी और चंबा जैसे मुख्य रूटों पर विशेष बसें चलाई जाएंगी।
सुरक्षा और अग्नि-सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: DGP हाई अलर्ट पर
दिवाली के दौरान आगजनी और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रदेश पुलिस और अग्निशमन विभाग को हाई अलर्ट पर रखा गया है। डीजीपी अशोक तिवारी ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों और अग्निशमन विभाग को संवेदनशील, भीड़भाड़ वाले बाजारों और रिहायशी इलाकों में दमकल गाड़ियों व ‘क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल्स’ (QRV) को मुस्तैद रखने के निर्देश दिए हैं। अग्निशमन नियंत्रण कक्षों को मजबूत करते हुए इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम (ERSS-112), पुलिस, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित किया गया है। डीजीपी ने कहा कि तैयारियों की असली सफलता हादसों को रोकने में है। उन्होंने आम जनता और व्यापारिक संगठनों से पटाखे व बिजली सजावट में सावधानी बरतने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 112 पर संपर्क करने की अपील की है।
