-
Advertisement
चंबा में हिंदू महासभा जिलाध्यक्ष पर जानलेवा हमला, स्कूटी से लौटते वक्त पथराव; वाहनों को आग लगाने की कोशिश
Himachal News: चंबा के बालू क्षेत्र में माहौल उस वक्त तनावपूर्ण हो गया, जब अखिल भारत हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह कुकरेजा पर अज्ञात लोगों द्वारा पथराव करने और उनके दो वाहनों को आग लगाने का प्रयास करने का सनसनीखेज मामला सामने आया। पीड़ित की शिकायत पर चंबा पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
हमले में बाल-बाल बचे जिलाध्यक्ष
गोपाल सिंह कुकरेजा के अनुसार करीब 8:30 बजे वह अपनी स्कूटी पर चंबा शहर से परेल स्थित अपने घर लौट रहे थे। बालू के पास अचानक कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर पथराव कर दिया। हमले के दौरान उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाई और तुरंत वहां से निकल गए।
गाड़ियों को फूंकने का प्रयास, स्थानीय लोगों ने बुझाई आग
घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद कुकरेजा को सूचना मिली कि बालू स्थित सब्जी मंडी परिसर में खड़ी उनकी वैन और पिकअप गाड़ी को आग लगाने की कोशिश की गई है। जब तक वह मौके पर पहुंचे, स्थानीय निवासियों और मंडी कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया था, जिससे दोनों वाहन पूरी तरह खाक होने से बच गए।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
घटना के बाद पीड़ित ने एपीएमसी (APMC) अध्यक्ष ललित ठाकुर को पूरे मामले से अवगत कराया और सरकारी मंडी परिसर में वाहनों की सुरक्षा पर गहरे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब मंडी परिसर में ही वाहन सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की संपत्ति की सुरक्षा पर चिंता होना स्वाभाविक है।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी है। गोपाल सिंह कुकरेजा ने दो संदिग्धों पर आशंका व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। डीएसपी चंबा बलदेव दत्त ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा सके।
रविंद्र
