-
Advertisement
धामी का ऐतिहासिक ‘पत्थर मेला’: हलोग में निभाई गई 300 साल पुरानी परंपरा, मां भद्रकाली को लगा रक्त का तिलक
Dhami Historic Stone Fair: दीपावली के ठीक अगले दिन शिमला जिले के हलोग (धामी) में सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए प्रसिद्ध ‘धामी का पत्थर मेला’ पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। धामी रियासत के राजपरिवार की अगुआई में आयोजित इस मेले में ग्रामीणों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंककर इस अनोखी परंपरा को निभाया।
दो कुलों के बीच हुई पत्थरबाजी, रक्त से हुआ मां भद्रकाली का तिलक
‘खेल का चौरा’ नामक स्थान पर आयोजित इस अनुष्ठान में गांव के दो प्रमुख धड़े आमने-सामने आए। एक तरफ जथोती, तुनरू, धगोगी और करेदू कुलों के ग्रामीण तो दूसरी तरफ रहे जमोगी कुल के लोग। अनुष्ठान की शुरुआत धामी के पूर्व राजा द्वारा निर्मित भगवान नरसिंह के प्राचीन मंदिर से निकाली गई भव्य प्रार्थना जुलूस के साथ हुई। इसके बाद राजपरिवार और गांव के बुजुर्गों की मौजूदगी में पत्थरबाजी का खेल शुरू हुआ। परंपरा के अनुसार, पत्थरबाजी तब तक जारी रही जब तक कि एक श्रद्धालु का खून नहीं निकल गया। जैसे ही खून निकला, उससे मां भद्रकाली के चबूतरे पर तिलक लगाया गया और पत्थरबाजी को रोक दिया गया।
नरबलि रोकने के लिए सती हुई थीं रानी
इस 300 साल पुरानी परंपरा के पीछे एक ऐतिहासिक और धार्मिक मान्यता जुड़ी हुई है। कई शताब्दियों पहले धामी रियासत में मां भीमाकाली के मंदिर में हर साल दीवाली के अगले दिन नरबलि देने की प्रथा थी। तत्कालीन राणा परिवार की रानी इस क्रूर प्रथा को समाप्त करना चाहती थीं। बलि रोकने के लिए रानी चौराहे पर सती हो गईं। रानी के बलिदान के बाद से ही इंसानी बलि की जगह पत्थरबाजी से निकले रक्त से मां का तिलक करने की यह परंपरा शुरू हुई।बदलते दौर में भी हलोग के ग्रामीणों ने अपनी इस सांस्कृतिक धरोहर और ऐतिहासिक परंपरा को पूरी आस्था के साथ सहेजा हुआ है।
संजू चौधरी
