-
Advertisement
धारा 118 और पीटरहॉफ मुद्दे पर विधानसभा के बाहर भाजपा का प्रदर्शन, संपत्तियां निजी हाथों में सौंपने का आरोप
Himachal Vidhansabha: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान विपक्षी दल बीजेपी ने राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले बीजेपी विधायक दल ने विधानसभा परिसर में एकत्रित होकर धारा 118, कथित बेनामी जमीन सौदों और सरकारी संपत्तियों के निजीकरण जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा।
विपक्ष के प्रमुख आरोप
प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। बीजेपी नेताओं का आरोप है कि राज्य सरकार बाहरी निवेशकों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से निर्णय ले रही है, जिससे स्थानीय लोगों के हित प्रभावित हो सकते हैं।
धारा 118 में संशोधन पर सवाल: बीजेपी ने ‘हिमाचल प्रदेश टेनेंसी एंड लैंड रिफॉर्म्स एक्ट’ की धारा 118 के प्रावधानों में कथित छूट और संशोधन के प्रयासों का विरोध किया। पार्टी ने रियल एस्टेट और कथित बेनामी सौदों के मामलों में सरकार से पारदर्शिता बरतने और स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
होटल पीटरहॉफ को लेकर दावे: जयराम ठाकुर ने शिमला स्थित ऐतिहासिक होटल पीटरहॉफ को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत बाहरी निवेशकों को सौंपने की तैयारी का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि 26 नवंबर के बाद की बुकिंग रोकी जा रही है और पूर्व की बुकिंग रद्द की जा रही है। भाजपा ने इस संबंध में सरकारी दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की है।
सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा: प्रदर्शन के दौरान जयराम ठाकुर ने राज्य की ऐतिहासिक और सरकारी संपत्तियों के संरक्षण को लेकर चिंता जताई और तंज कसते हुए कहा कि सरकार के फैसलों से लगता है कि भविष्य में विधानसभा भवन को भी बेचा जा सकता है। उन्होंने सरकार से इन संपत्तियों पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा।बीजेपी ने संकेत दिया है कि वह शीतकालीन सत्र के दौरान इन सभी मुद्दों को सदन के भीतर प्रमुखता से उठाएगी। अब सभी की नजरें सदन में होने वाली चर्चा और विपक्ष के सवालों पर सरकार के आधिकारिक जवाब पर टिकी हैं।
सरकारी संपत्ति को नहीं बेच रही सरकार
हालांकि होटल पीटरहॉफ को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू पहले ही सरकार का पक्ष स्पष्ट कर चुके हैं कि राज्य सरकार किसी भी सरकारी संपत्ति को नहीं बेच रही है और न ही होटल पीटरहॉफ को बेचने का कोई इरादा है।सरकार की योजना पीटरहॉफ की सुविधाओं का विस्तार करने की है, जिसके तहत वहां कम से कम 100 कमरों वाली एक बड़ी इमारत बनाई जाएगी।
रविंद्र चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
