-
Advertisement
मंत्री नेगी की टिप्पणी पर विस में बवाल: BJP ने किया वॉकआउट, सीएम से मांगा स्पष्टीकरण
Himachal Vidhansabha: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पांचवें दिन भी तपोवन स्थित सदन में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच भारी गर्मागर्मी देखने को मिली। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की एक विवादित टिप्पणी को लेकर बीजेपी ने एक बार फिर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मंत्री जगत सिंह नेगी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने और उनसे सार्वजनिक माफी की मांग पर अड़े विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
कार्यवाही से टिप्पणी हटाना पर्याप्त नहीं: जयराम ठाकुर
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायकों ने मंत्री की टिप्पणी को लेकर सदन में कड़ा विरोध जताया है। जयराम ठाकुर के अनुसार, विपक्ष का स्पष्ट मानना है कि इस विवादित टिप्पणी को केवल सदन की कार्यवाही से हटाना पर्याप्त नहीं है।जयराम ठाकुर ने सीएम से इस पूरे मामले पर स्पष्टीकरण मांगते हुए कहा-हमारी मांग स्पष्ट है कि जगत सिंह नेगी ने जो टिप्पणी की है, वह बेहद गंभीर विषय है। इसे केवल सदन की कार्यवाही से हटाने से मामला खत्म नहीं होता। सीएम को सामने आकर स्पष्टीकरण देना चाहिए और ऐसे मंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करना चाहिए। आखिर सीएम उन्हें संरक्षण क्यों दे रहे हैं?”
कांग्रेस हाईकमान पर लगाए गंभीर आरोप
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता लगातार देश और सेना से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं। उन्होंने सरकार को ‘सद्बुद्धि’ देने की बात कहते हुए सवाल उठाया कि क्या देश के खिलाफ बयान देने के लिए कांग्रेस हाईकमान से निर्देश आते हैं।इसके साथ ही, जयराम ठाकुर ने राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा राफेल विमान खरीद को लेकर लगाए गए आरोपों को भी सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, “राफेल को लेकर जगत सिंह नेगी ने जो आरोप लगाए हैं, वे पूरी तरह निराधार हैं। देश और सेना से जुड़े संवेदनशील मामलों में इस तरह की टिप्पणियां किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं हो सकतीं।
वॉकआउट के बाद सदन में लौटा विपक्ष
सदन से वॉकआउट करने के बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मीडिया के समक्ष राफेल खरीद और मंत्री के बयानों को लेकर अपना पक्ष विस्तार से रखा। इसके पश्चात विपक्षी विधायक वापस सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेने के लिए लौट आए।कुल मिलाकर, विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पांचवें दिन भी जगत सिंह नेगी की टिप्पणी को लेकर सियासी टकराव जारी रहा।
रविन्द्र चौधरी
