-
Advertisement
देवभूमि में अनूठी पहल: मां दरोटेश्वरी मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के साथ बंद हुई 150 साल पुरानी पशु बलि प्रथा
Himachal News: शिमला जिले में रोहड़ू उपमंडल के नावर क्षेत्र (टिक्कर तहसील) के दरोटी गांव स्थित प्राचीन मां दरोटेश्वरी मंदिर में दो दिवसीय भव्य प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ शनिवार को शिखा पूजन के साथ संपन्न हो गया। करीब दो करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित इस मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही क्षेत्र का 150 साल पुराना इतिहास बदल गया है। ग्रामीणों, देव समाज और मंदिर कमेटी ने सर्वसम्मति से मंदिर में सदियों से चली आ रही पशु बलि प्रथा को पूरी तरह बंद कर सात्विक पूजा-पद्धति अपनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।
हरिद्वार से 300 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा
प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पूर्व ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने देव परंपराओं का निर्वहन करते हुए एक कठिन धार्मिक यात्रा पूरी की। जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर को दरोटी गांव से लगभग 25 से 30 ‘यात्रू भाई’ माता के पवित्र चिन्हों के साथ रवाना हुए थे। श्रद्धालुओं ने पहले मां दरोटेश्वरी के प्रकट स्थान नगरकोट (वर्तमान कांगड़ा) और ज्वाला माता के दर्शन किए और इसके बाद उत्तराखंड के हरिद्वार पहुंचकर गंगा स्नान किया। गंगा में डुबकी लगाने के बाद श्रद्धालुओं ने पारंपरिक नियमों के अनुसार दिन में केवल एक समय भोजन करते हुए हरिद्वार से वापस दरोटी गांव तक 300 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी की और 19 नवंबर को गांव पहुंचे।
शिखा पूजन और भव्य देव मिलन
दरोटेश्वरी मंदिर कमेटी दरोटी के कारदार राजेश रांटा ने बताया कि दो दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ के पहले दिन शुक्रवार को देवता नारायण और मां दरोटेश्वरी के साथ लौटे यात्रू भाइयों का भव्य देव मिलन हुआ। शनिवार सुबह 9 बजे वैदिक मंत्रोच्चारण, पूजा-पाठ और विधि-विधान के साथ शिखा पूजन की रस्म संपन्न हुई। इस दो दिवसीय सात्विक धार्मिक आयोजन में पहले दिन करीब 5 हजार और दूसरे दिन शिखा पूजन के अवसर पर लगभग 4 हजार श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर माता का आशीर्वाद लिया।
सात्विक परंपराओं और सामाजिक सुधार पर जोर
मंदिर के पुजारी पंडित वेद प्रकाश भारद्वाज ने बताया कि मंदिर में पहले पशु बलि की परंपरा थी, जिसे अब ग्रामीणों और देव समाज ने भविष्य के सभी धार्मिक आयोजनों के लिए पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया है।इस 300 किलोमीटर की पैदल यात्रा में युवाओं के साथ शामिल हुए 69 वर्षीय बुजुर्ग श्रद्धालु राजेंद्र रांटा ने बताया कि मंदिर स्थापना से पहले माता के चिन्हों के साथ यह यात्रा करने की परंपरा रही है, जिसमें आज की युवा पीढ़ी ने भी पूरी श्रद्धा से भाग लिया। उन्होंने पशु बलि पर रोक को सामाजिक और धार्मिक परंपराओं में एक अत्यंत सकारात्मक कदम बताया। वहीं, यात्रा में शामिल सुनील मोहन रांटा ने कहा कि समय और सामाजिक परिस्थितियों के बदलाव के साथ धार्मिक परंपराओं में सकारात्मक परिवर्तन आवश्यक हैं, ताकि आध्यात्मिक मूल्यों और देव संस्कृति को संरक्षित रखते हुए समाज को नई दिशा दी जा सके।
लेख राज
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
