-
Advertisement
हिमाचल के वृद्धाश्रम की झकझोरने वाली Love Story, 75 साल के कन्हैया-63 की सबीना कल करेंगे शादी
Love Story Of Old Age Home In Himachal : हिमाचल के बिलासपुर (Bilaspur in Himachal) स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में 75 वर्षीय कन्हैया लाल (Kanhaiya Lal) और 63 वर्षीय सबीना 25 नवंबर यानी कल विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। यह वृद्धाश्रम (Old Age Home) में रहने वाले दो बुजुर्गों की इस तरह की यहां पर पहली शादी (Marriage) होगी। दोनों की मुलाकात दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में हुई थी। अब दोनों ने साथ रहने और जीवन की नई शुरुआत करने का फैसला किया है। सबीना (Sabina) मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली है तो कन्हैया लाल मंडी जिले के जंजैहली क्षेत्र के थुनाग के रहने वाले हैं। दोनों का विवाह पहले बिलासपुर न्यायालय (कोर्ट) में कानूनी रूप से संपन्न करवाया जाएगा। इसके पश्चात वृद्धाश्रम परिसर में पूरे हिंदू रीति-रिवाजों के साथ शादी की रस्में निभाई जाएंगी।
अपनों से ठुकराए गए कन्हैया लाल का दर्दभरा अतीत
वृद्धाश्रम प्रबंधन के अनुसार, 75 वर्षीय कन्हैया लाल का जीवन संघर्षों से भरा रहा है। मंडी के थुनाग गांव के निवासी कन्हैया लाल कभी खेतीबाड़ी कर अपना जीवनयापन करते थे। लंबी बीमारी के कारण उनकी पत्नी का निधन हो गया और उनकी कोई संतान नहीं थी। अकेलेपन के बीच उन्होंने अपनी जमीन भाइयों के नाम कर दी, लेकिन उन्हीं भाइयों ने उन्हें घर से बेदखल कर दिया। अपनों से मिले इस गहरे आघात ने उनकी मानसिक स्थिति को झकझोर दिया और वे जंगल की एक गुफा में रहने को मजबूर हो गए। वर्ष 2022 में उन्हें रेस्क्यू कर बिलासपुर लाया गया, तब से दयोली स्थित ‘अपना घर वृद्धाश्रम’ ही उनका परिवार बना हुआ है।
रास्ता भटककर हिमाचल पहुंची थीं कोलकाता की सबीना
दूसरी ओर, 63 वर्षीय सबीना की कहानी भी कम मार्मिक नहीं है। कोलकाता की रहने वाली सबीना घूमने के लिए शिमला निकली थीं, लेकिन सफर के दौरान रास्ता भटककर मशोबरा पहुंच गईं। मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण पुलिस ने उन्हें रेस्क्यू कर मशोबरा स्थित नारी निकेतन पहुंचाया, जहां वे करीब चार वर्षों तक रहीं। वर्ष 2025 में उन्हें बिलासपुर के दयोली वृद्धाश्रम में स्थानांतरित किया गया। यहीं उनकी मुलाकात कन्हैया लाल से हुई।
सेवा और देखभाल से पनपा अपनापन
आश्रम में साथ रहते हुए दोनों एक-दूसरे के दुख-दर्द के साथी बन गए। वे न केवल एक-दूसरे के कामों में हाथ बंटाते, बल्कि बीमारी और स्वास्थ्य का भी पूरा ख्याल रखते। अकेलेपन का दंश झेल चुके इन दोनों बुजुर्गों का यह अपनापन धीरे-धीरे गहरे लगाव में बदल गया। दोनों के बीच के इस स्नेह को देखते हुए आश्रम के संस्थापक एडवोकेट प्रकाश बंसल ने उनसे बातचीत की। बातचीत के दौरान दोनों ने एक-दूसरे से विवाह करने की इच्छा जताई, जिसका आश्रम प्रबंधन ने सम्मान करते हुए शादी की तैयारियां शुरू कर दीं।
नालागढ़ में शुरू करेंगे नई जिंदगी
विवाह के बाद इस नवदंपती के लिए एक नई शुरुआत की व्यवस्था भी की गई है। आश्रम प्रबंधन ने निर्णय लिया है कि शादी की रस्में पूरी होने के बाद सबीना और कन्हैया लाल को दयोली से नालागढ़ स्थित नए वृद्धाश्रम में स्थानांतरित किया जाएगा, जहां वे एक साथ रहकर अपने नए जीवन की शुरुआत कर सकेंगे। अपना घर वृद्धाश्रम (दयोली) के संस्थापक एडवोकेट प्रकाश बंसल के अनुसार वृद्धाश्रम में पहली बार दो बुजुर्ग शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। 25 नवंबर को दोनों का विवाह करवाया जाएगा, जिसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पहले बिलासपुर कोर्ट में कानूनी प्रक्रिया पूरी होगी और उसके बाद आश्रम में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ शादी संपन्न करवाई जाएगी। नालागढ़ में हमारा नया वृद्धाश्रम खुला है, शादी के बाद इस जोड़े को वहां भेजा जाएगा ताकि वे एक साथ अपनी नई जिंदगी शुरू कर सकें।
पंकज शर्मा
