-
Advertisement
हमीरपुर-वृंदावन रूट की HRTC बस के स्टाफ पर मुरथल में ह#मला, पुलिस ने नहीं लिखी रिपोर्ट तो यूनियन ने दी धमकी
Himachal News: हरियाणा के मुरथल में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस के चालक और परिचालक के साथ स्थानीय लोगों द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। यह घटना तब हुई जब हमीरपुर से वृंदावन जा रही निगम की बस को तय ढाबे पर रोकने के लिए मोड़ा जा रहा था। जानकारी के अनुसार, बस चालक निगम प्रबंधन द्वारा निर्धारित किए गए ढाबे पर बस रोकने के लिए वाहन को उस दिशा में ले जा रहा था। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोग भड़क गए और चालक पर बस को ‘रॉन्ग साइड’ (गलत दिशा) में ले जाने का आरोप लगाने लगे। देखते ही देखते मामूली कहासुनी हिंसक विवाद में बदल गई और स्थानीय लोगों ने चालक व परिचालक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के साथ पीड़ित चालक और परिचालक शिकायत दर्ज कराने स्थानीय पुलिस चौकी पहुंचे। कर्मचारियों का गंभीर आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत पर एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं की।मारपीट में घायल हुए बस चालक का मेडिकल परीक्षण भी नहीं करवाया गया।पुलिस की इस कथित अनदेखी से एचआरटीसी के चालक और परिचालकों में भारी रोष है। कर्मचारियों ने बाहरी राज्यों में सुरक्षा और निगम प्रबंधन की अव्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।
यूनियन की दो टूक: ढाबों के बहिष्कार और धरने की चेतावनी
इस घटना के बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम की यूनियनों ने कड़ा रुख अपना लिया है।एचआरटीसी परिचालक यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष प्रीत महेंद्र सिंह ने कहा कि बाहरी राज्यों के रूटों पर ढाबों का चयन बसों की आवाजाही की दिशा को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। व्यवस्था ऐसी हो कि बसों को ढाबे तक जाने के लिए यू-टर्न न लेना पड़े या गलत दिशा में न जाना पड़े, जिससे स्टाफ और यात्रियों की सुरक्षा बनी रहे।प्रीत महेंद्र सिंह ने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन ने तुरंत कार्रवाई कर व्यवस्था नहीं सुधारी, तो ऐसे विवादित ढाबों का बहिष्कार किया जाएगा और वहां बसें नहीं रोकी जाएंगी। वहीं, चालक यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मानसिंह ठाकुर ने स्पष्ट किया है कि यदि कर्मचारियों की मांगों को अनसुना किया गया, तो यूनियन धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होगी।
पंकज शर्मा
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
